विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि शहर को सुरक्षित रखने, लोगों की हिफाजत और शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए शहर के प्रमुख चौकों और मार्गों पर 135 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की सुरक्षित नजर से पूरे शहर की गतिविधियों को एक कक्ष में बैठकर देखा जा सकेगा। इस कक्ष से पुलिस एक्टिव मोड में रहेगी। वे शुक्रवार को लघु सचिवालय में सीसीटीवी कंट्रोल रूम का उद्घाटन पर बोल रहे थे। इससे पहले विधायक सुधा, डीसी डाॅ. एसएस फुलिया, एसपी अभिषेक गर्ग ने विधिवत शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की थी कि कुरुक्षेत्र को सुरक्षित शहर बनाने के लिए सभी मार्गों और चौराहोंं पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस घोषणा को पूरा करते हुए शहर में 135 सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए गए हैं। इन कैमरों की प्रत्येक गतिविधि पर डीसी कार्यालय के साथ बनाए गए कंट्रोल रूम से देखा जा सकेगा। यहां पर 7 एलईडी लगाए गए हैं। इस कक्ष को एसी बनाया जाएगा। इसकी व्यवस्था के लिए नगर परिषद को जिम्मेदारी सौंपी है। डाॅ. एसएस फुलिया ने कहा कि इस कंट्रोल रूम से रोजाना ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले के चालान किए जा रहे हैं। इस कक्ष से औसतन 100 चालान रोजाना कर लोगों के घर पर भिजवाया जा रहा है।
चोरी के दस केस सुलझाए |अभिषेक गर्ग ने कहा कि इस कक्ष में पुलिस प्रशासन की तरफ से कुलदीप और प्रवीण कुमार को नियुक्त किया है। इस कक्ष के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर 10 से ज्यादा चोरी और अन्य मामलों को सुलझाया गया है। मौके पर एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
यहां रहेगी कैमरे की नजर
शहर में कुल 135 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, इनमें से 6 कैमरे पिपली व लाडवा रोड, 3 कैमरे सेक्टर 2 और 3 के कट पर, 4 कैमरे जिंदल चौंक, 3 कैमरे जिला जेल पुलिस लाइन रोड, 2 कैमरे नए बस स्टैंड रेड लाइट पर, 3 कैमरे मोहन नगर चौक, 4 कैमरे सर्किट हाउस चौक, 4 कैमरे अमीन रोड चौक, 4 कैमरे गोल बैंक चौक रेलवे रोड, 4 कैमरे कंडा चौक, 3 कैमरे शूर-सैन चौक रेलवे रोड, 2 कैमरे आलूवालिया चौक मैन बाजार, 4 कैमरे अम्बेडकर चौक, 2 कैमरे पुराना बस स्टैंड, 3 कैमरे रोटरी चौक, 3 कैमरे झांसा स्कूल चौक, 3 कैमरे भद्रकाली मंदिर चौक, 3 कैमरे गुरुद्वारा चौक, 2 कैमरे बिरला मंदिर चौक, 2 कैमरे एलएनजेपी चौक, 3 कैमरे थर्ड गेट यूनिवर्सिटी, 4 कैमरे बीआर इंटरनेशनल चौक, 6 कैमरे सेक्टर 13 मार्केट, 6 कैमरे सेक्टर 5 मार्केट, 6 कैमरे सेक्टर सात मार्केट, 32 कैमरे कुरुक्षेत्र शहर व नगर परिषद एरिया में, 14 कैमरे मोहन नगर मार्केट में लगाए गए हैं।