कुरुक्षेत्र | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 4/97 के तहत अप्रैल 1999 में लिए साक्षात्कार के आधार पर 1010 राजस्व पटवारियों की भर्ती की गई थी। लेकिन सरकार बदल जाने पर इन पटवारियों की नियुक्ति नहीं हो पाई। पिछले 19 सालों से भर्ती में शामिल पटवारी नियुक्ति पाने की मांग कर रहे हैं। भर्ती में शामिल आवेदक दुर्गादास ने बताया कि पिछले विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने इस भर्ती में शामिल पटवारियों को नियुक्ति देने के बारे सवाल पूछा था। जिसके जवाब में शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने विधानसभा में बताया था कि उक्त पटवारियों को नियुक्ति दी जाएगी। लेकिन यह आश्वासन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। दुर्गादास ने कहा कि भर्ती में शामिल अधिकतर पटवारी अब तक बेरोजगार घूम रहे हैं। उन्होंने सीएम से उक्त भर्ती में शामिल पटवारियों को नियुक्ति दिलाने की मांग की। दुर्गादास ने कहा कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो सभी पटवारी मिलकर आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।