- Hindi News
- National
- हर केस की जांच अपना मामला समझकर करेंगे तो पीड़ित को समय पर मिलेगा न्याय : एडीजीपी
हर केस की जांच अपना मामला समझकर करेंगे तो पीड़ित को समय पर मिलेगा न्याय : एडीजीपी
अम्बाला रेंज के एडीजीपी आरसी मिश्रा ने कहा कि पुलिस के अनुसंधान अधिकारी किसी भी मामले की जांच खुद का मामला समझकर करेंगे तो निश्चित तौर पर सकारात्मक परिणाम मिलेंगे और शिकायतकर्ता या पीड़ित को सही और समय पर इंसाफ मिल सकेगा। अनुसंधान अधिकारी ही पीड़ित समाज को सही समय पर न्याय देने में सक्षम हैं। इसलिए सेवा, सुरक्षा और सहयोग के संकल्प के साथ हम सभी को काम करना चाहिए।
एडीजीपी मिश्रा मंगलवार को पुलिस लाइन के सभागार में अपराध गोष्ठी में जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा आॅप्रेशन दुर्गा अभियान से महिलाओं व युवतियों के साथ छेड़छाड़ व छींटाकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में काफी मदद मिली है। लिहाजा इस अभियान को निरंतर चलाए रखें। एडीजीपी ने बुलेट से पटाखे बजाने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने और स्कूल और कॉलेज के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
कुरुक्षेत्र | पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों की बैठक लेते एडीजीपी आरसी मिश्रा।
शिकायतों को समय से निपटाने पर रखें फोकस
एडीजीपी मिश्रा ने कहा थाने व चौकियों व पुलिस मुख्यालय पहुंचने वाले शिकायतों को समय रहते निपटाएं। उन्होंने ट्रांसफार्मर चोरी, नशीले पदार्थों की तस्करी व अवैध हथियारों से होने वाली वारदातों पर अंकुश लगाने को प्लानिंग के तहत काम करने के निर्देश दिए। विशेषतौर पर नशा सभी अपराधों की जड़ है। लिहाजा नशे की जड़ पर चोट करें, ताकि अपराध का ग्राफ गिर सके। इसके अलावा किसी मामले में झूठी शिकायत मिलने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ भी 182 की कार्रवाई करने के आदेश दिए। ताकि झूठी शिकायतों में पुलिस का समय की बर्बादी न हो। एडीजीपी ने 19 मई को सीएम के रोड शो व 20 मई को राहगीरी कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर मंथन किया। मौके पर एसपी अभिषेक गर्ग, डीएसपी गुरमेल सिंह, डीएसपी तान्या सिंह, डीएसपी शाहाबाद जगदीश राय, डीएसपी राज सिंह, डीएसपी लाडवा रमेश गुलिया, डीएसपी जितेंद्र, डीएसपी पिहोवा धीरज कुमार सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।