अार्म्स रेसलर राहुल मर्डर का 12वां आरोपी जेल भेजा
सात महीने पहले मोहन नगर में आर्म्स रेसलिंग के नेशनल खिलाड़ी राहुल की तेजधार हथियारों व चाकुओं से गोदकर हत्या करने के 12वें आरोपी मोहन नगर वासी अक्षय को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपी से वारदात में प्रयोग किया डंडा भी बरामद किया।
गौरतलब है कि 23 अक्टूबर 2017 की रात करीब 11 बजे मोहन नगर में 20 के करीब युवकों ने तेजधार हथियारों-डंडों व सूओं से गोदकर सिल्वर सिटी वासी 19 वर्षीय राहुल को गंभीर तौर पर घायल कर दिया था। वारदात के बाद आरोपी पांच से छह बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे।
घायल राहुल को सिविल अस्पताल ले जाया गया था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान तीन दिन बाद 26 अक्टूबर को राहुल ने दम तोड़ दिया था। राहुल के पिता सुरेंद्र शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने 29 युवकों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की जांच के दौरान तत्कालीन सिटी थाना प्रभारी संदीप कुमार की टीम ने 30 अक्टूबर को राहुल के हत्या के तीन आरोपियों पटेल नगर वासी प्रशांत, डेरा रामपुरा अमीन वासी गुरप्रीत व आजाद नगर वासी रजत को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हथियार व बाइक बरामद की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद गांधीनगर वासी आशीष, सुंदरपुर वासी जानी, डीसी कॉलोनी वासी शम्मी, पटियाला बैंक कॉलोनी वासी उमेश, आकाश नगर वासी जसबीर सहित अभी तक कुल 11 आरोपियों को पकड़ा था।
अब पुलिस ने छानबीन के बाद 12वें आरोपी मोहन नगर वासी अक्षय को पकड़ा है। साथ ही आरोपी से वारदात में प्रयोग किया डंडा बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सात माह पहले मोहन नगर में 20 युवकों ने तेजधार हथियारों से की थी राहुल की हत्या