दो मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाएं बरामद, नोटिस जारी
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को बीआर इंटरनेशनल चौक व अग्रवाल अस्पताल के पास मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। जहां से टीम को नशीली व प्रतिबंधित दवाएं मिली, जिन्हें कब्जे में लिया गया। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की टीम की यह सप्ताहभर में दूसरी रेड है। इससे पहले टीम ने लौहार माजरा में एक मेडिकल स्टाेर पर छापेमारी की थी। जिला परिवार नियोजन अधिकारी डॉ. आरके सहाय ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर संदीप हुड्डा की टीम ने दो मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। दोनों दुकानदारों के पास कुछ प्रतिबंधित दवाएं मिली हैं वहीं कुछ दवाओं के बिल नहीं मिले। उन्होंने कहा कि दुकानदाराें को बिल दिखाने व प्रतिबंधित दवाओं को लेकर नोटिस दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिल रही थी कि उक्त संचालक एमटीपी किट बेचते हैं, लेकिन मौके पर एमटीपी किट नहीं मिली। ड्रग इंस्पेक्टर डॉ. संदीप हुड्डा नेे कहा कि दुकानदारों को नोटिस दिया गया है जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई पूरी की जाएगी। इस मौके पर सहायक मनोज कुमार, राजीव कुमार टीम में मौजूद रहे।