ब्लॉक समिति चेयरमैन बोले-दोषी पर कार्रवाई न हुई तो छोड़ दूंगा पद
एचएसएससी द्वारा गत अप्रैल में हुई जेई परीक्षा में पूछे सवाल को लेकर जहां राजनीति गर्माई है। वहीं ब्राह्मण संगठनों में भी रोष बढ़ता जा रहा है। ब्राह्मण समाज ने पहले ही सरकार से माफी मांगने व चेयरमैन को हटाने की मांग रखी हुई है। लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक उनकी मांग नहीं मानी गई। इसे लेकर अब ब्राह्मण समाज के संगठनों ने मिलकर प्रदर्शन का फैसला किया है। मंगलवार को इसे लेकर ब्राह्मण समाज के संगठनों व संस्थाओं ने हरियाणा ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास में मीटिंग बुलाई। अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष पवन शर्मा पहलवान ने की।
मीटिंग में फैसला लिया कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती, तब तक समाज प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगा। पवन शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज की पंचायत में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि 17 मई को एचएसएससी की शव यात्रा निकाली जाएगी। यह शवयात्रा महाराणा प्रताप चौक नजदीक बिरला मंदिर तक निकलेगी। जहां बोर्ड व चेयरमैन का पुतला दहन किया जाएगा ।
19 को सीएम को दिखाएंगे झंडे | प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यदि फिर भी सरकार ने टिप्पणी के जिम्मेदार आयोग चेयरमैन भारत भूषण भारती और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की तो ब्राह्मण समाज एकजुट होकर 19 मई को मुख्यमंत्री को रोड शो में काले झंडे दिखाएगा। श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्वार सभा के प्रधान यशेंद्र शर्मा ने कहा कि सभी संस्थाएं एकजुट होकर विरोध दर्ज करेंगी। सरकार की तरफ से न माफी मांगी और न चेयरमैन व आयोग को बर्खास्त किया।
कुरुक्षेत्र | बैठक में पहुंचे ब्राह्मण संगठनों के पदाधिकारी
मीटिंग में दुविधा में फंसे चेयरमैन
ब्लॉक समिति थानेसर के चेयरमैन व भाजपा नेता देवीदयाल घराडसी भी मीटिंग में पहुंचे। मीटिंग में एकजुटता से भाजपा सरकार व भारती के विरोध की बात उठी। जिस पर देवीदयाल अपनी ही सरकार का विरोध करने को लेकर ठिठक गए। विभिन्न संगठन पदाधिकारी उन्हें बयान देने को काफी देर तक कहते रहे। देवीदयाल का कहना था कि यह गलती सीएम स्तर पर नहीं हुई। हालांकि जिसने गलत किया है, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। बाद में समाज के आगे झुके। कहा कि वे पहले ब्राह्मण हैं और बाद में नेता। कहा कि सरकार इस मामले में संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई करे। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध स्वरूप पद छोड़ देंगे।
पार्षद सरपंच भी हों एकजुट
मीटिंग में पार्षदों और सरपंचों से भी साथ मांगा। कहा कि समाज से जुड़े पार्षद व सरपंचों को इस मुद्दे पर एकजुट होकर समाज का साथ देना होगा। मौके पर अशोक शर्मा पिपली, प्रवीण शर्मा , मक्खन शर्मा , धर्मदत शर्मा, संदीप कौशिक व अन्य मौजूद रहे।