नहीं रखे प्राइवेट कर्मी, प्रशासन रहा सीएम संग बातचीत के भरोसे
नगरपालिका संघ हरियाणा के आह्वान पर बुधवार को भी सफाईकर्मी हड़ताल पर रहे। डंपर चालक भी काम पर नहीं लौटे। ना ही प्रशासन की ओर से बुधवार को प्राइवेट तौर पर डंपर चालकों की व्यवस्था कराने के दावों के बावजूद ऐसी व्यवस्था हो पाई। प्रशासन भी सीएम से नगरपालिका संघ की बातचीत के भरोसे बैठा रहा। वहीं बुधवार को पहली बार विधायक सुभाष सुधा नगर परिषद में धरने पर बैठे सफाईकर्मियों के बीच पहुंचे। सुधा ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताया। सीएम के रोड शो में महज तीन दिन का समय होने के चलते कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील भी की। लेकिन सफाईकर्मी मांगे पूरी होने तक हड़ताल से न उठने पर अड़े रहे। थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि नगर पालिका व नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के लिए सीएम मनोहर लाल हर भरसक प्रयास कर रहे हैं। जैसे ही राज्यस्तर पर सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बन जाएगी तो थानेसर नगर परिषद प्रदेश की पहली नगर परिषद होगी जहां सभी मांगों को तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया जाएगा।
सीएम से बातचीत रही विफल-गुरुवार को भी हड़ताल
नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुभाष गुंसर ने कहा कि बुधवार को चंडीगढ़ में सीएम से संघ के प्रतिनिधियों की बातचीत विफल रही। जिसके चलते गुरुवार को भी सभी सफाईकर्मी हड़ताल पर रहेंगे। गुंसर ने कहा कर्मचारी समान काम-समान वेतन, ठेकेदारी प्रथा बंद करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांगों को लेकर आठ दिन से संघर्ष कर रहे हैं। अभी तक सरकार की ओर से कोई मंत्री या विधायक बातचीत सिरे चढ़ाने को आगे नहीं आया। लिहाजा मांगे माने जाने तक आंदोलन जारी रहेगा।
एसपी को सुरक्षा के लिए लिखा पत्र-डंपर चालक तैयार
नगर परिषद ईओ बीएन भारती ने कहा कि शहर में साफ-सफाई को लेकर बिगड़ते हालात को देखते हुए जेसीबी-ट्रैक्टर-ट्राॅली से मुख्य जगह गुरुवार को सफाई कराई जाएगी। अधिकतर डंपर चालक भी काम पर लौटने को तैयार हैं। लेकिन सफाईकर्मी उन्हें धमका रहे हैं। लिहाजा एसपी को कामकाज शुरू करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाने बारे बुधवार को पत्र लिखा है। ताकि साफ-सफाई का काम शुरू करने पर कोई अगर अड़चन डाले, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
कुरुक्षेत्र | नगरपरिषद कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते विधायक सुभाष सुधा।