पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • लोन के नाम पर ठगी का शिकार महिलाओं ने आरोपी का घर ढूंढा अम्बाला से पुलिस सिर्फ बयान लेकर लौट आई, अब आरोपी गायब

लोन के नाम पर ठगी का शिकार महिलाओं ने आरोपी का घर ढूंढा अम्बाला से पुलिस सिर्फ बयान लेकर लौट आई, अब आरोपी गायब

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एक महिला ने खुद को चंडीगढ़ की बैंककर्मी बताकर लोन दिलाने के नाम पर करीब 200 महिलाओं को ठग लिया। महिलाओं को 5 लाख रुपए का लोन दिलाने का झांसा दिया और फाइल चार्ज के नाम पर हर महिला से 2200 से ढाई हजार रुपए लिए। कई महीने बीतने पर जब एक भी महिला को लोन नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित महिलाओं ने कोशिश कर अम्बाला में वो घर ढूंढा जिसमें आरोपी किराये पर रहती थी। पुलिस को बताया तो मौके पर जाकर सिर्फ आरोपी के बयान दर्ज कर ही लौट आई। अब आरोपी सामान समेट कर गायब हो गई और मोबाइल नंबर पर बंद कर दिए। पीड़ित महिलाओं ने अब एसपी कुरुक्षेत्र से शिकायत की।

70 पैसा की दर से ब्याज पर लोन का झांसा दिया | पिपली के भगवान नगर कॉलोनी निवासी वीना रानी, अमरजीत कौर व गुरमीत कौर ने बताया कि एक महिला उनसे मिलने आई और अपना नाम मुस्कान (बाद में आधार कार्ड के हिसाब से उनका नाम पिहोवा निवासी सरोज निकला) बताया। मुस्कान ने खुद को चंडीगढ़ के 32-डी स्थित एक बैंक में कार्यरत बताया। उन्हें कहा कि उसकी ड्यूटी फील्ड में घूमकर महिलाओं को कामकाज के लिए लोन दिलाने की है। सरकार ने विधवाओं व अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने को पांच लाख रुपए तक के लोन की स्कीम चलाई हुई है। इस पांच लाख रुपए के लोन को महज 70 पैसे प्रति सैकड़ा की दर से ब्याज लगेगा और हर माह 2500 रुपए की किस्त चुकानी होगी।

चालाकी

कुरुक्षेत्र | एसपी को दी गई शिकायत की प्रति दिखातीं ठगी की शिकार महिलाएं ।

फाइल खर्च के नाम पर वसूली

उक्त महिला ने करीब 200 से 250 महिलाओं को जिलेभर में अपना शिकार बनाया है। प्रत्येक महिला से आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाता व बिजली बिल की कॉपी भी ली। साथ ही प्रत्येक महिला को फाइल चार्ज के नाम पर 2200 से 2500 रुपए तक एडवांस में लिए। आश्वासन दिया कि एक महीने के अंदर सभी महिलाओं को लोन दिला दिया जाएगा।

आरोपी ने नाम बताया था मुस्कान, आधारकार्ड में निकली पिहोवा की सरोज, अम्बाला में किराये के घर से सामान समेट निकली

महिलाओं से चेन सिस्टम में और फार्म भरवाए

आरोपी मुस्कान ने महिलाओं को कहा था कि वे और महिलाओं से भी फार्म भरवाएं। इस पर वीना रानी ने 55, धोबी मोहल्ला पिपली निवासी अमरजीत कौर ने 11, गुरमीत कौर ने 8, गढ़ी बीरबल लाडवा की रेखा ने लाडवा में 60 महिलाओं के फार्म भरवाए थे। उक्त सभी महिलाओं से उसने 2200-2500 रुपए लिए। महिलाओं का कहना है जिन महिलाओं ने उनके जरिए आगे फार्म भरे थे। वे अब उनके घर पैसे व दस्तावेज वापस करने को क्लेश कर रही हैं। वे कहां से उन्हें पैसे लाकर दें।

पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो न भागी पाती आरोपी

महिलाओं का कहना है कि उक्त महिला अपना नाम मुस्कान बताती थी। किसी तरह उसका आधार कार्ड हासिल किया, तो उसमें उसका नाम सरोज पता चला। जिसमें पिहोवा का पता लिखा है। महिलाओं का कहना है 1 मई को सेक्टर-5 की चौकी पुलिस को उक्त महिला के अम्बाला स्थित पते पर लेकर गईं थी। पुलिस उक्त महिला से बातचीत कर बिना कोई कार्रवाई कर वापस लौट आई। अब उक्त महिला वहां से भी सामान समेट कर गायब हो गई।

बैंक का जो पता बताया वो सिमरन फाइनेंस के नाम

मुस्कान महिलाओं को बैंक का पता एससीओ-263, प्रथम तल, सेक्टर-32डी, चंडीगढ़ बताती थी। यह पता किसी सिमरन फाइनेंस कंपनी का बताया जा रहा है।

मोबाइल नंबर सरोज के नाम पर रजिस्टर्ड

जिस नंबर से मुस्कान महिलाओं से बात करती थी वह नंबर सरोज वासी पिहोवा के नाम पर रजिस्टर्ड है। सरोज ने जहां महिलाओं से खुद लोन दिलाने के नाम पर फार्म भर पैसे लिए थे वही आगे महिलाओं को दूसरी महिलाओं के फार्म भरवाने के लिए कहा 11 महिलाओं का एक ग्रुप बनवाया लालच दिया कि 11 -11 महिलाओं से फार्म भरवाने पर उन्हें 8000-8000रुपये मिलेगा। लेकिन कुछ नहीं मिला।

चौकी प्रभारी की सफाई-शिकायत के आधार पर कैसे गिरफ्तार कर लेते

सेक्टर-पांच चौकी प्रभारी जगदीश कुमार ने कहा कि एसपी ऑफिस से शिकायत उन्हें मिली थी। अम्बाला में पुलिस गई थी। महिला के बयान दर्ज किए गए। उक्त महिला ने माना कि उसने महिलाओं से लोन दिलाने के लिए पैसे लिए थे। महिला का कहना है कि उसे आगे भी किसी ने एेसा झांसा दिया था। वह अब उक्त सभी के पैसे लौटा देगी। चौकी प्रभारी का तर्क है कि महज शिकायत पर पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकती। कानूनी राय लेकर जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...