आढ़तियों को देने होंगे जे फार्म न दिए तो कार्रवाई : फुलिया
कुरुक्षेत्र | डीसी डॉ. एसएस फुलिया ने कहा कि यदि कोई भी आढ़ती प्याज व टमाटर की खरीद उपरांत किसान को जे फार्म नहीं देगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉ. फुलिया कृषि, बागवानी व मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के साथ भावांतर भरपाई योजना की समीक्षा कर रहे थे। इस स्कीम में आलू, गोभी, प्याज, टमाटर की फसल शामिल है। जिसे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 30 दिसंबर को करनाल में लांच किया गया था। कुरुक्षेत्र में प्याज व टमाटर की खेती के लिए 1408 किसानों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इसके तहत इन किसानों का टमाटर प्याज का कुल 2724 एकड़ एरिया सत्यापित किया गया। डॉ. कर्मचंद उपनिदेशक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, राजीव चौधरी, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी व डॉ. बिसला बागवानी अधिकारी ने बताया कि मंडियों का दौरा किया जा रहा है। दौरे के दौरान किसानों ने बताया कि टमाटर 30 से 60 रुपए प्रति क्रेट व प्याज 610 से 700 रुपए प्रति क्विंटल गुणवत्ता व ग्रेडिंग को देखते हुए खरीदा जा रहा है। हालांकि किसानों ने जे फार्म ना मिलने की शिकायत नहीं की। कहा कि निर्धारित बिक्री अवधि प्याज की अप्रैल से मई व टमाटर की अप्रैल से 15 जून के अंदर सब्जी के कम भाव में बिकने पर पंजीकृत किसानों को संरक्षित मूल्य (प्याज 5 रुपए प्रति किलो व टमाटर 4 रुपए प्रति किलो) तक भाव के अंतर की सरकार द्वारा भरपाई की जाएगी।