कलह की जड़ है नशा, युवाओं को दिया इससे तौबा करने का संदेश
कुरुक्षेत्र | निर्मल समाज वेलफेयर सोसाइटी की ओर से सेक्टर 13 रेडक्राॅस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवाओं को नशा रूपी बुराई को मिटाने का संदेश दिया। रेडक्राॅस के जिला प्रशिक्षण अधिकारी राजेंद्र सैनी ने कहा कि नशा समाज को खोखला कर रहा है। युवाओं में इसकी प्रवृत्ति बेहद चिंता का विषय है। नशे की लत के कारण इंसान को जीवन में शारीरिक एवं आर्थिक क्षति होती है। जब उसे इसका अहसास होता है तब तक पश्चाताप तक की गुंजाइश नहीं रह जाती। सोसाइटी की अध्यक्ष निर्मल दहिया ने कहा कि नशे के कारण घरेलू कलह उत्पन्न होता है। एक सदस्य की नशे की आदत से पूरा परिवार पिछड़ जाता है। बच्चों की परवरिश सही ढंग से नहीं हो पाती। रेडक्राॅस सचिव कुलबीर मलिक ने भी युवाओं को जागरूक किया।