शहर में दूसरी राहगीरी रविवार को ब्रह्मसरोवर तट पर होगी। पिछले डेढ़ हफ्ते से पुलिस व प्रशासन राहगीरी को लेकर तैयारियों में जुटा रहा। शनिवार देर शाम तक तैयारियों को अमलीजामा पहनाया गया। दूसरी बारे राहगीरी में खुद सीएम भी लोगों के साथ खेलने पहुंचेंगे। सीएम लोगों के साथ गिल्ली डंडा भी खेलेंगे। चार किमी की मैराथन होगी। कार्यक्रम में मनोरंजन कि लिए हरियाणवी पॉप स्टार गजेंद्र फोगाट लाइव प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम
तीन घंटे चलेगा कार्यक्रम, इस दौरान व्हीकल लेकर न जाएं ब्रह्मसरोवर एरिया में
रूट रहेगा डायवर्ट: व्हीकल की नो एंट्री
एसपी अभिषेक गर्ग ने कहा कि 20 मई को सुबह 5 बजे से लेकर 10 बजे तक अर्जुन चौक से लेकर ब्रह्मसरोवर दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर तक किसी को भी वाहन ले जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। नंदा सदाचार स्थल के पास, ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी तट पर लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के सामने वीआईपी, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पीछे रोड़ धर्मशाला के सामने प्रेस पार्किंग की व्यवस्था होगी। बीआर इंटरनेशनल स्कूल चौक पर यातायात को रोका जाएगा। इस चौक बाद ब्रह्मसरोवर की तरफ वाहनों को ले जाने की इजाजत नहीं होगी। सीएम सुबह ब्रह्मसरोवर के मुख्य द्वार से 4 किलोमीटर मैराथन को हरी झंडी देंगे। मैराथन ब्रह्मसरोवर के बीच वाली रोड से दक्षिण गेट से होकर मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर और गीता ज्ञान संस्थानम के सामने से वापस ब्रह्मसरोवर पर पहुंचेगी।
गजेंद्र फौगाट करेंगे मनोरंजन
अभिषेक गर्ग ने कहा कि रविवार सुबह 6 बजे से लेकर 9 बजे तक खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। चार किमी की मैराथन राहगीरी के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। लोगों का मनोरंजन करने के लिए प्रसिद्ध लोक कलाकार गजेंद्र फोगाट पहुंचेंगे।
17 कमेटियां बनाई: फुलिया
डाॅ. एसएस फुलिया और एसपी अभिषेक गर्ग ने शनिवार को ब्रह्मसरोवर पर होने वाले राहगीरी कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। कहा कि तैयारियां पूरी हैं। एसडीएम अनिल यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला राजस्व अधिकारी डाॅ. चांदी राम, डीएसपी तान्या सिंह, जीएम रोड़ आरके गोयल, सिविल सर्जन डाॅ. एसके नैन, यूएचबीवीएन के एक्सईन मदन जिंदल, एक्सईन जनस्वास्थ्य विभाग अशोक खंडुजा, ईओ नगर परिषद बीएन भारती, जिला आयुष अधिकारी डाॅ. सुदेश जाटियान, डीआईपीआरओ धर्मवीर सिंह, सचिव रेड क्राॅस कुलबीर मलिक, जिला खेल अधिकारी यशबीर, जिला शिक्षा अधिकारी नमिता कौशिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतनाम सिंह व केडीबी सचिव के नेतृत्व में 17 कमेटियों का गठन किया गया है।