सीएम मनोहर लाल ने शनिवार को शहर में रोड शो किया। जिन सड़कों से होकर सीएम का काफिला गुजरा उन सड़कों को तो प्रशासन की ओर से चकाचक कर दिया गया लेकिन शहर की कई मुख्य सड़कें पिछले एक साल से अधिक समय से बदहाल पड़ी हैं।
जिनमें से एक साल से अधिक समय से टूटी पड़ी नई अनाज मंडी के सामने वाली सड़क को भी प्रशासन ने शनिवार को ही बनाना शुरु किया। वहीं पिछले डेढ़ साल से उखड़े पड़े अमीन रोड को भी शुक्रवार शाम को ही प्रशासन की ओर से बनाया गया। इसके बावजूद आठ महीने से उखाड़े शहर के मुख्य रोड चनारथल को अब तक प्रशासन की ओर से नहीं बनाया गया। इस सड़क पर सैनी पब्लिक स्कूल भी है। थोड़ी सी बरसात होने पर स्कूल प्रशासन को विद्यार्थियों की छुट्टी तक करनी पड़ती है। वहीं इस सड़क पर बैठे दुकानदारों की दुकानदारी भी पिछले आठ महीनों से उखड़ी पड़ी सड़क के कारण ठप होकर रह गई है।
झांसा रोड भी खस्ताहाल : शहर की मुख्य सड़क झांसा रोड पर जनता स्कूल के सामने से लेकर भद्रकाली चौक तक सड़क का बुरा हाल है। इस सड़क से रोजाना हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। वहीं क्षेत्र को शहर से जोड़ने का काम भी यह सड़क करती है। इसके बावजूद यह सड़क खस्ताहाल है। जिसके कारण पूरा दिन सड़क से मिट्टी उड़ती रहती है। झांसा रोड और चनारथल रोड वासी विशाल कुमार, लक्ष्मीकांत शर्मा, सतीश शर्मा और पदम ने कहा कि सीएम को अपना रोड शो चकाचक सड़कों के साथ-साथ इन सड़कों पर भी करना चाहिए। ताकि उन्हें भी पता चल सके कि शहर वासियों को खराब सड़कों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कुरुक्षेत्र | सीएम के रोड शो के चलते नई अनाज मंडी के सामने सड़क का निर्माण करते कर्मचारी।