डीसी डाॅ. एसएस फुलिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो, हरपथ और सोशल मीडिया पर आई शिकायतों को तत्परता से निपटाएं। विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता ना करें।
सोमवार शाम को लघु सचिवालय में अधिकारियों की मीटिंग को संबोधित कर रहे थे। डीडीपीओ कपिल शर्मा को निर्देश दिए कि सीएम विंडो से संबंधित जो शिकायतें उनके पास लंबित हैं, उन्हें शुक्रवार तक निपटाएं। डीडीपीओ ने बताया कि उनके पास 39 शिकायतें लंबित हैं। जिनका निर्धारित समय के अनुसार निपटारा करवा दिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि सभी लंबित 19 शिकायतों का अविलंब निपटारा किया जाए। जिला राजस्व अधिकारी को भी अपनी दो शिकायतें अविलंब निपटाने के आदेश दिए। डीसी ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी पिपली, लाडवा, बाबैन, शाहबाद, इस्माइलाबाद, पिहोवा और थानेसर को कहा कि अपने-अपने कार्यालयों से संबंधित सीएम विंडो पर आई शिकायतों का आगामी शुक्रवार तक निपटारा करें। इसके बाद कारण बताओ नोटिस जारी होगा। डीसी ने कार्यकारी अभियंता कृषि विपणन बोर्ड को निर्देश दिए कि उनके विभाग से संबंधित जो एक शिकायत है, उसके निपटान के लिए कार्यकारी अभियंता पंचायती राज, पीडब्ल्यूडी और व स्वयं मिलकर कार्य करेंगे। इसकी रिपोर्ट भी अगले शुक्रवार तक अवश्य दें । सभी अधिकारी निपटाई गई शिकायतों को अपडेट और अपलोड अवश्य करवाएं ताकि लंबित शिकायतों की जानकारी उपलब्ध रहे। तहसीलदार लाडवा, थानेसर और पिहोवा से संबंधित शिकायतों की भी समीक्षा की। डीसी ने अधिकारियों से कहा कि 23 मई को जिला प्रशासन द्वारा पंचायत भवन में लगाए जा रहे मेले में युवाओं का मार्गदर्शन करें। बैंक और एजेंसियां मौके पर ही लाभार्थियों के फार्म भरवाएं। उन्हें स्कीमों की जानकारी भी दें। ताकि बेरोजगार युवक व युवतियां अपना स्वयं का कारोबार स्थापित कर सकें।
कुरुक्षेत्र | लघु सचिवालय के सभागार में सीएम की घोषणाओं की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते डीसी डॉ. फुलिया।