हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के सोमवार को घोषित 10वीं के परीक्षा परिणाम में जिले की 55.03% बेटियाें ने बाजी मारी। लड़कों का पास प्रतिशत 43.52 रहा। जिले में पहले दो स्थानों पर भी बेटियों ने ही कब्जा जमाया। 93.6% अंकों के साथ छात्र मनीष व गीतांजलि संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। ब्रह्मऋषि स्कूल हथीरा की छात्रा निधि ने 95.2% अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। वहीं गुरुनानक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा भिवानी खेड़ा की मनु सैनी ने 94.6% अंक लेकर दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
दोनों टॉपर छात्राओं ने 11वीं में नॉन मेडिकल संकाय चुना है। पिछले साल 12194 विद्यार्थियों में से 5638 विद्यार्थी पास हुए थे और परिणाम 46.23 प्रतिशत रहा था। वहीं इस बार 13325 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें से 6488 विद्यार्थी पास हुए व पास प्रतिशत 48.69 प्रतिशत रहा।
गीतांजलि।
सफलता का मंत्र | जिला टॉपर निधि रात 12 बजे तक करती थी पढ़ाई, मनु सैनी ने कभी स्कूल से छुट्टी नहीं ली, मनीष घर आकर चार घंटे करता था रिवीजन
देश की सेवा करना चाहती हूं : निधि
ब्रह्मऋषि विद्या मंदिर स्कूल हथीरा की छात्रा गांव हथीरा वासी निधि ने बताया कि स्कूल से आने के बाद वह खाना खाने के बाद कुछ देर न्यूज चैनल देखती थी। इसके बाद रात को रोजाना 12 से एक बजे तक पढ़ाई करती थी। निधि ने बताया कि उसने कोई ट्यूशन नहीं ली। रोजाना स्कूल में गई और शिक्षकों से ही विषयों को अच्छी तरह समझा। निधि ने कहा कि वह आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती है। निधि के पिता रघबीर सिंह सेवानिवृत्त फौजी हैं, वहीं मां कविता गृहिणी हैं। चार बहन-भाइयों में तीसरे नंबर पर निधि ने हिंदी में 95, अंग्रेजी में 95, गणित में 94, साइंस में 94 और संस्कृत में 99 अंक प्राप्त कर 95.2 प्रतिशत अंक हासिल किए।
दादा चाहते हैं आईएएस बनूं : मनु
गुरुनानक स्कूल की भिवानी खेड़ा वासी मनु सैनी ने बताया कि उसने कभी स्कूल से छुट्टी नहीं ली। स्कूल में करवाई पढ़ाई को घर पर जाकर दोहराया और विषयों को अच्छी तरह से समझा। जिसकी बदौलत उसे 94.6 प्रतिशत अंक मिले हैं। मनु सैनी ने बताया कि वह रात के समय पढ़ाई करती थी, इसका कारण रात के समय की शांति थी। इससे उसे विषयों को समझने में आसानी हुई। मनु ने बताया कि उसके दादाजी मेहर सिंह का सपना है कि वह आईएएस अधिकारी बने। इस सपने को पूरा करने के लिए मेहनत कर रही हैं। 11वीं कक्षा में उसने नॉन मेडिकल संकाय को चुना है। मनु के पिता राकेश सैनी और मां नीलम सैनी ने बेटी की सफलता पर खुशी जताई।
इंजीनियर बनने का है सपना : मनीष
93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले श्रीमद भगवद गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र इंदिरा कॉलोनी वासी मनीष यादव ने बताया कि उसका सपना इंजीनियर बनने का है। मनीष ने बताया कि स्कूल से आने के बाद वह रोजाना चार घंटे पढ़ाई करता है। 10वीं में उसने कोई ट्यूशन नहीं ली, स्कूल शिक्षकों ने विषयों को समझने में पूरी मदद की। मनीष के पिता ओमप्रकाश शटरिंग का काम करते हैं, वहीं मां सविता गृहिणी हैं। वहीं गुरुनानक स्कूल की छात्रा गीतांजलि ने भी 93.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। जींद की रहने वाली गीतांजलि ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल के शिक्षकों को दिया। वह आगे आईएस बनने की चाह रखती है।