पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सुधा को राजनीतिक चुनौती दे रहे भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डीडी की सिक्योरिटी छीनी

सुधा को राजनीतिक चुनौती दे रहे भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डीडी की सिक्योरिटी छीनी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जयभगवान शर्मा डीडी से सरकार ने सुरक्षा वापस ले ली है। उन्हें कांग्रेस का जिलाध्यक्ष रहते हुए दो सुरक्षा कर्मी मिले थे। बाद में भाजपा के टिकट पर पिहोवा हलके से चुनाव लड़ा था। बताया जाता है कि सोमवार को एसआईएस ने दोनों कांस्टेबल को वापस लौटने के लिए कह दिया। हालांकि इसकी सूचना डीडी को नहीं दी। सुरक्षा हटाए जाने पर एसपी अभिषेक गर्ग ने तर्क दिया कि हर छह माह में वीआईपी सुरक्षा की समीक्षा होती है। डीडी को किसी तरह का खतरा नहीं, इसलिए सुरक्षा हटाई। इसके पीछे कोई राजनीतिक कारण नहीं हैं।

डीडी पहले ही थानेसर से चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं, जहां से भाजपा के सुभाष सुधा मौजूदा विधायक हैं। सुधा और डीडी में 36 का आंकड़ा है। यहां तक कि 19 मई को डीडी शहर में सीएम मनोहरलाल के रोड शो से भी दूर रहे क्योंकि यह सुधा का शो माना जा रहा था। बता दें कि भाजपा में आने से पहले जयभगवान शर्मा डीडी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष थे। तब कांग्रेस सरकार की ओर से उन्हें सुरक्षा कर्मी मिले हुए थे। विस चुनाव से ठीक पहले डीडी भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें पिहोवा से प्रत्याशी बना चुनाव में उतारा। चुनाव के दौरान डीडी को सुरक्षा कर्मी मुहैया कराया था। बाद में भाजपा सरकार बनने पर उनकी सुरक्षा में दो कांस्टेबल तैनात किए।

इधर, हड़ताली सफाई कर्मचारियों को डीडी ने परोसा मटर पनीर व हलवा

जयभगवान शर्मा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले बैठे हड़ताली सफाई कर्मियों के लिए लंगर शुरू कर दिया। यह लंगर हड़ताल जारी रहने तक रहेगा। सोमवार को मटर पनीर, दाल, चावल, छोले व हलवा पूरी तैयार कराई। डीडी के बेटे रिंकल ने लंगर में सेवा की। डीडी का कहना है कि उन्होंने तन मन से समर्थन दिया है।

कुरुक्षेत्र | नगरपरिषद कार्यालय में लंगर बांटता जयभगवान शर्मा का लड़का रिंकल शर्मा।

मैंने पार्टी नहीं छोड़ी, रोड शो में न जाने की वजह थीः डीडी

मैंने भाजपा नहीं छोड़ी है। यह सिक्योरिटी जानबूझ कर हटाई गई है चूंकि मैं लोगों की आवाज उठाता हूं। वैसे मैं खुद ही सुरक्षा वापस करने की सोच रहा था। रही बात रोड शो से दूर रहने की तो मैंने एलान किया था कि ब्राह्मणों पर आपत्तिजनक सवाल पूछे जाने के मामले में आयोग के चेयरमैन भारतभूषण भारती को बर्खास्त न करने की दशा में सीएम को रोड शो में शामिल नहीं होऊंगा। जयभगवान शर्मा

बागी तेवर भारी पड़े

गौरतलब है कि डीडी ने पिछले साल घोषणा की थी कि वे खुद थानेसर और पिहोवा से उनका बेटा चुनाव लड़ेगा। पार्टी टिकट देगी तो ठीक, वरना वे पीछे नहीं हटेंगे। डीडी अक्सर स्थानीय विधायक सुभाष सुधा पर भी विकास कार्य में अनदेखी का आरोप लगाते रहे हैं। पिछले कुछ समय से डीडी ने भाजपा के कार्यक्रमों और रैलियों से भी दूरी बनाई हुई है।

बाकी 9 के पास बरकरार

राज्यमंत्री कृष्ण बेदी

विधायक सुभाष सुधा

सांसद राजकुमार सैनी

विधायक पवन सैनी

विधायक जसविंद्र संधू

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा

जिला परिषद चेयरमैन उमा सुधा

पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र चट्‌ठा

राज्यसभा सांसद राजकुमार कश्यप

खबरें और भी हैं...