नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर पिछले 13 दिनों से सफाईकर्मी एकजुटता दिखाते हुए हड़ताल पर हैं। प्रशासन, विधायक और भाजपा के कई नेता भी हड़ताल तुड़वाने का प्रयास कर चुके हैं। लेकिन हड़ताल नहीं टूटी। अब प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाना शुरू किया। प्राइवेट तौर पर सफाईकर्मियों का इंतजाम कर सफाई को मैदान में उतार दिया। इसके बाद हड़ताली कर्मचारियों में हलचल मची। रोजगार छीनने के डर से कई सफाईकर्मी काम पर लौट आए। नप अधिकारियों की मानें तो सोमवार को हड़ताली कच्चे-पक्के 411 कर्मचारियों में से 53 कर्मचारी काम पर लौट आए। इनमें 43 कच्चे व 10 पक्के कर्मचारी हैं। वहीं दूसरी ओर सफाईकर्मी संघ के प्रधान ने इसे अफवाह बताया।
सफाईकर्मी संघ प्रधान बोले- आंदोलन तोड़ने को फैलाई जा रही अफवाह, 12 दिन बाद सड़कों से कूड़ा उठने पर लोगों को राहत
84 कर्मी लगाए, सुरक्षा के बीच हुई सफाई
सोमवार को 84 कर्मचारी आउटसोर्सिंग के जरिए शहर में सफाई व्यवस्था बहाल करने को नगर परिषद ने लगाए हैं। रविवार को सफाईकर्मियों के साथ हड़ताली कर्मचारियों द्वारा काम से रोकने व उनके झाडू व अन्य सामान छीनने के बाद सोमवार को नगर परिषद ने पूरी सतर्कता के साथ पुलिस की मौजूदगी में शहर में सफाई अभियान चलाया।
एक सप्ताह पहले बनाई होती योजना : अशोक
नगर परिषद द्वारा व्यवस्था करने पर अब शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली। गोशाला बाजार स्थित दुकानदार गुरमीत सिंह व अशोक सैनी कहते हैं कि 12 दिन बाद गोशाला बाजार में झाडू लगी और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर उठे। कहा प्रशासन का यह सराहनीय प्रयास है। यह व्यवस्था एक सप्ताह पहले बनाई जाती, तो शहरवासियों को भी इतनी परेशानी ना होता। सफाईकर्मियों पर भी एक दम इतनी गंदगी उठाने का भार ना पड़ता।
बना रहे व्यवस्था, नहीं होगी परेशानी : बिश्नोई
नगर परिषद के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर रूपरविंद्र बिश्नोई ने बताया कि सोमवार से शहर में साफ-सफाई के लिए अब 137 सफाईकर्मियों की टीम उतार दी गई है। इनमें 53 हड़ताली कर्मचारियों में से कर्मचारी काम पर लौटे हैं। वहीं इसके अलावा 84 सफाईकर्मी आउटसोर्सिंग के तहत सफाई में लगाए हैं। कहा धीरे-धीरे व्यवस्था बन रही है।
आंदोलन कमजोर करने की साजिश : जिला प्रधान
नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुभाष गुंसर का कहना है कि सभी सफाईकर्मी एकजुट हैं। कहा कि विधायक के कहने पर सीएम रोड शो के लिए कुछ कर्मचारी दो दिन के लिए काम पर लौटे थे। सोमवार को सभी वापस लौट आए। कहा अधिकारी आंदोलन को तोड़ने को लेकर इस तरह की अफवाह फैला रहे हैं।