श्री माता अंजनी सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में सेक्टर सात स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर में एक शाम कान्हा के नाम भजन संध्या एवं भंडारा आयोजित हुआ। आयोजक सोमनाथ कक्कड़ एडवोकेट परिवार ने सर्वदेव पूजन में भाग लिया। पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में हुए कार्यक्रम में संत वासुदेवानंद महाराज ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में किया गया जप-तप कई गुणा फल देता है।उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन बड़ा दुर्लभ है।
यह न जाने कितने पुण्यों के प्रताप से मिलता है। यदि इस जीवन में भी मानव नहीं जागा तो वह उसकी मूर्खता होगी। मानव शरीर प्रभु भक्ति के लिए मिला है और यही भक्ति मानव को भवसागर से पार लगा सकती है। प्रवचनों के पश्चात पंडित राजेंद्र कौशिक रामायणी ने मधुर भजन सुनाकर समा बांधा। गूंजे राधा नाम बृज की गलियों मे, तुझ संग प्रीत लगाई कान्हा, मैं कमली कान्हा की कमल और मैंने सांवरा सलौना पंसद कर लिया आदि भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। भजनों के पश्चात भंडारे में श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। भजन संध्या की आरती में पंडित विजय अत्री, पुजारी कुलदीप शर्मा, बलबीर शर्मा, अश्वनी शर्मा, महेंद्र शर्मा, मेनपाल सिंह, शंकर दास गुप्ता, सत्यवान शर्मा, अशोक कोहली, प्रेम चंद, कार्तिक कक्कड़, माणिक शर्मा, करुणा कक्कड़, पूनम तलवाड़, कमल कक्कड़, सुनीता, धनवंती, निर्मला, माया देवी मौजूद रहे।