डीसी डाॅ. एसएस फुलिया ने कहा कि लोगों के सुझाव से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। शहर की विकास के लिए शहरवासियों को सहयोग करना चाहिए। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि शहर की समस्याओं का समाधान करने के लिए लोगों से सीधा संवाद किया जाए।
वे सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष लाने में मीडिया की भूमिका अहम होती है। प्रशासन के सामने जितनी भी समस्याएं आ रही है, उनका प्राथमिकता से निपटारा कराया जा रहा है। फीडबैक से मिली रिपोर्ट के अनुसार शहर के मुख्य मार्गों और बाजार में अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान नगर परिषद की तरफ से समय-समय पर चलाया जाएगा। कहा कि प्रशासन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य सरकार की तमाम योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रहा है। उन्होंने प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र की मांग पर कहा कि पत्रकारों के वाहनों के लिए एक यूनिफार्म स्टीकर जारी करने पर विचार किया जाएगा। इसके लिए जिला सूचना एवं जन संपर्क विभाग इस प्रक्रिया पर आगामी कार्रवाई करेगा।