कुरवाई| शासन द्वारा स्थापित खरीदी केन्द्रों पर चना व मसूर की बिक्री के लिये किसानों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। 25 मई तक खरीदी के लिए अंतिम बार एसएमएस भेजे जाने की चर्चा से किसानों में घबराहट हैं। हालांकि पहले के मुकाबले अब दो गुनी संख्या में किसानों को एमएमएस भेजे जाने लगे हैं। किसानों ने स्थानीय स्तर पर एसएमएस भेजे जाने की व्यवस्था में मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। एसडीएम संदीप अष्ठाना के प्रवास पर होने के कारण प्रशासनिक कमान तहसीलदार एसएन सोनी द्वारा संभाली जा रही है। किसानों द्वारा गत दिवस चक्का जाम कर खरीदी केन्द्रों पर व्याप्त अव्यवस्था का आरोप लगाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर किसानों की समस्याओं को सुना। समस्या का निराकरण करने का आश्वासन देकर चक्का जाम खुलवाया गया। किसान शहाबुद्दीन, हेमन्त राजपूत, हरिओम सहित अनेक किसानों ने खरीदी केन्द्रों पर हो रही मिलीभगत का खुलकर आरोप लगाया है। किसानों ने बताया कि उनका एसएमएस 25 मई तक नहीं आया तो वह समर्थन मूल्य पर अनाज नहीं बेच पाएंगे। मल्हारगढ के एक किसान से हुए विवाद के बाद मौके पर सर्वेयर के साथ झगड़े की स्थिति पैदा हो गई। वहीं कुछ किसानों ने चक्का जाम कर दिया। खरीदी केन्द्रों पर सीमित हम्माल तथा सीमित तौल कांटे होने के कारण विवाद की स्थिति प्रतिदिन पैदा हो रही है। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को संभालने का प्रयास लगातार जारी है।