तेज रफ्तार से आ रही यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, 6 यात्री घायल
कुशलगढ़. कुशलगढ़ से बाजना जा रही एक निजी बस रविवार को दुर्घटना ग्रस्त हो गई। हादसे में 6 लोग गंभीर घायल हो गए। दो गंभीर घायलों को कुशलगढ़ से बांसवाड़ा के लिए रैफर कर दिया गया। रतलाम रोड पर भगतपुरा गांव के निजी बस तेज रफ्तार में आ रही थी, जिसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ही मकान के आगे बने टीन शेड से टकराते हुए सड़क के किनारे पर रुकी। कुछ ही दूरी पर 5 फीट गहरा खड्डा था जिसमें बस पलटने से बड़ा हादसा हो सकता था। इस हादसे में नाका बस्सी निवासी सबीना, खेरदा निवासी कचरु, शारदा, वरसाला निवासी सुगना, लालू और चुनिया घायल हुए। सबीना और कचरु और शारदा की हालत गंभीर होने पर बांसवाड़ा रैफर कर दिया गया।