कुशलगढ़ में ढीले और झूलते तारों को सुधारा
कुशलगढ़ में बिजली लाइनों का रखरखाव करते डिस्कॉम कर्मी और बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बहस करते व्यापारी।
कुशलगढ़| नगर में शुक्रवार को डिस्कॉम ने ढीले और झूलते तारों को दुरुस्त करने के बाद अपनी मौजूदगी का नगरवासियों को अहसास करवाया। वर्षों पुरानी हो चुकी बिजली की लाइनों के तार बार-बार टूट कर गिरने व होने वाले हादसों को लेकर शुक्रवार को डिस्कॉम के कार्मिक पूरे लवाजमे के साथ कुशलगढ़ के टिमेड़ा बस स्टैंड से नए खंभे और डीपी लगाने पहुंचे। दूसरी और प्रशासन और नगरपालिका की ओर से नगर में अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।
प्रशासन और पालिका ने गुरुवार को ही अतिक्रमियों को अतिक्रमण हटा लेने के लिए पाबंद कर दिया था, लेकिन अतिक्रमियों नो अनसुना कर दिया। जिसका परिणाम शुक्रवार को देखने मिला। एसडीएम जयवीरसिंह कालेर और डिप्टी बृजराजसिंह चारण पुलिस बल व नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे। अतिक्रमण हटाने आए दस्ते ने कार्रवाई शुरू की तो अधिकांश लोगों ने खुद ब खुद अतिक्रमण हटाना प्रारंभ कर दिया। इस दौरान टीन के छज्जे एवं नगर पालिका की भूमि पर बनाई गई अवैध पक्की दीवारें व अन्य अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए। भैरवजी मंदिर के सामने व टिमेड़ा बस स्टैंड के आस पास तथा मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के साथ ही मार्ग में बाधा बन रहे दो पेड़ों को भी हटाया गया। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य व पूर्व पालिका उपाध्यक्ष हंसमुखलाल सेठ ने कहा कि सीमा से बाहर लगाए गए छज्जों को अतिक्रमण मानकर हटाना जायज है परंतु कई लोगों ने नगर पालिका से स्वीकृति लेकर पेढ़ियां बनाई थी उन्हें भी तोड़ना गलत है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ने कहा कि बिना जनप्रतिनिधियों और नागरिको को विश्वास में लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई गलत है। पूर्व पालिका अध्यक्ष राघवेश चरपोटा, कांग्रेस ब्लाॅक अध्यक्ष रजनीकांत खाबिया, पूर्व पालिका अध्यक्ष शांतिदेवी चरपोटा ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा बिना पूर्व सूचना के की गई कार्रवाई सही नहीं है। एसडीएम कालेर ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही बैठक में निर्णय लिया जा चुका था और 24 घंटे पूर्व गरुवार को ही सभी अतिक्रमियों को इसकी सूचना भी दे दी गई थी।
13 अप्रैल को प्रकाशित खबर