व्यापारी पर हमले के विरोध में टिमेड़ा बड़ा बंद रहा
कुशलगढ़| टिमेडा में व्यापारी पवनकुमार से हफ्ता वसूली व मारपीट कर गंभीर घायल कर देने के विरोध में सोमवार को टिमेडा के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रख कर पुरजोर विरोध किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सुबह ही कुशलगढ़ पहुंच गए, जहां उन्होंने उपखंड अधिकारी जयवीरसिंह कालेर को ज्ञापन सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कार्रवाई नहीं होने की सूरत में चक्का जाम करने की चेतावनी दी। ग्रामीण रैली के रूप में उपखंड कार्यालय आए, जहां उनके अतिक्रमण हटाओ कार्यक्रम में होने की सूचना पर टिमेडा बस स्टैंड पहुंच कर अधिकारियों से चर्चा की। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन बदमाश दुकानदारों को जयजौहार संगठन के नाम की धमकियां देते हुए हफ्ता वसूली व मारपीट की जाती है। ग्रामीणो ने ज्ञापन पुलिस उपाधीक्षक बृजराजसिंह चारण को सौंप कर टिमेडा में पुलिस चौकी भी खोलने की मांग की। अधिकारियों ने बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। ज्ञापन सौंपने वालों में अमरसिंह, मगनलाल, रमेशचंद्र, मुकेश, चतरसिंह, प्रतापसिंह, दशरथ, करणसिंह, शंकरसिंह, पृथ्वीसिंह आदि मौजूद थे।