14 साल का दूल्हा, 13 की थी दुल्हन फेरे लेने से पहले विवाह रुकवाया
कुशलगढ़. बाल विवाह रुकवाने के प्रशासन की तमाम निगरानी के बावजूद कुशलगढ़ के लोहारिया पंचायत के पीपलीपाड़ा गांव में गुरुवार को परिजन नाबालिगों का विवाह करवा रहे थे। दूल्हा महज 14 साल का और दुल्हन 13 साल की थी। जिस उम्र में परिजनों को इनकी परवरिश और पढ़ाई की चिंता करनी होती है, दोनों के परिजन और रिश्तेदार इनका बाल विवाह करवा रहे थे। मंडप में फेरे लेने से पहले प्रशासनिक टीम ने पहुंच बाल विवाह रुकवा दिया। परियोजना अधिकारी डाॅ. रामखिलाड़ी मीणा ने बताया कि थावरा अपने 14 साल के बेटे की पीपलीपाड़ा में धन्ना की 13 साल की बेटी से ब्याह करवा रहा था। गुरुवार सुबह 9 बजे बारात भी पहुंच गई। लेकिन इसी बीच दूल्हा-दुल्हन की उम्र कम देख किसी ने इसकी खबर दी। जिस पर कुशलगढ़ पुलिस के साथ आईसीडीएस की टीम ने जाकर विवाह रुकवाया और परिजनों को गिरफ्तार कर एसडीएम के समक्ष पेश किया गया। जहां दोनों पक्षों को नाबालिगों की शादी नहीं कराने के लिए पाबंद किया गया।