तेज धूप में भी टैंकर आते ही पानी भरने दौड़ते हैं लोग
गर्मी के इस दौर में शहर के कई वार्डों में पानी की किल्लत चल रही है। हालांकि विभाग ने अपने टैंकर भेजकर लोगों को पानी उपलब्ध करवा रहे हैं, लेकिन टैंकरों का समय निश्चित नहीं होने से लोग परेशान हैं और कई मौहल्लों में तो तेज धूप में भी पानी भरने पर मजबूर हैं। शहर के वार्ड 21, 25, 31, 35 सहित शहर के 10 वार्डों में पानी की किल्लत चल रही है। उपभोक्ताओं के नलों में पर्याप्त पानी नहीं आने के कारण विभाग अपने स्तर पर इन वार्डों में टैंकर भिजवा रहा है, जिससे लोग पानी की आवश्यकताओं को पूरा कर रहे हैं। वर्तमान में लगभग 34 टैंकर शहर के वार्डों में दौड़ रहे हैं। कई वार्ड ऐसे भी हैं, जहां प्रतिदिन दो टैंकर जाते हैं, लेकिन इन टैंकरों का समय निश्चित नहीं होने की वजह से महिलाएं काफी परेशान हैं और कई वार्डों में तो तेज धूप में भी लोग टैंकरों से पानी भरने को मजबूर हैं।
रतनगढ़. पानी की समस्या से जूझ रहे लोग टैंकर से पानी भरते।
जसवंतगढ़ में महिलाओं ने मटकी फोड़ प्रदर्शन किया
जसवंतगढ़. क्षेत्र के अधिकतर वार्डों में पिछले कई माह से व्याप्त पेयजल समस्या को लेकर बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। समस्या से परेशान लोगों ने जलदाय विभाग की टंकी के पास धरना दिया तथा महिलाओं ने मटकी फोड़कर प्रदर्शन किया। सुबह नौ बजे ही पुरुषों के साथ ही महिलाएं भी जलदाय विभाग की टंकी के पास एकत्रित हो गई तथा नारेबाजी कर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने मटके फोड़कर विरोध जताया तथा जलदाय विभाग की टंकी पर चढ़कर पानी की स्थित देखी। गांव में धरने की सूचना मिलने पर तीन घंटे बाद लाडनूं से जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से वार्ता की। वार्ता के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के कई वार्डों में पिछले दो साल से पानी नहीं आ रहा है।