पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Sikar
  • पानी को लेकर महिलाएं टंकी पर चढ़ीं, एक घंटे तक किया प्रदर्शन, अधिकारी बोले 15 दिन में ही समाधान कर देंगे

पानी को लेकर महिलाएं टंकी पर चढ़ीं, एक घंटे तक किया प्रदर्शन, अधिकारी बोले-15 दिन में ही समाधान कर देंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लाडनूं जलदाय विभाग के अधीन आने वाले जसवंतगढ़ में पेयजल समस्या को लेकर चार दिन बाद ही दूसरी बार लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया। शुक्रवार को गली नंबर आठ स्थित बावरियों के मोहल्ले की 20 से अधिक महिलाएं पेयजल सप्लाई सुचारू करवाने की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ गईं। महिलाओं ने एक घंटे तक टंकी पर चढ़कर नारेबाजी कर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इससे पहले सोमवार को भी क्षेत्र के लोगों ने जलदाय विभाग की टंकी के पास धरना देकर प्रदर्शन किया था, तब मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने चार-पांच दिनों में समाधान करने का आश्वासन दिया था। चार दिन बाद भी व्यवस्था सुचारू नहीं होने पर शुक्रवार सुबह 10.30 बजे ही महिलाएं व पुरुष पानी की टंकी के पास जमा होने शुरू हो गए। देखते-देखते ही 20 से अधिक महिलाएं टंकी पर चढ़ गई तथा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। नीचे एकत्रित लोगों ने भी नारेबाजी कर व मटके फोड़कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर सीआई कैलाश विश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे तथा समझाईश कर नीचे उतारने का प्रयास किया, मगर महिलाएं जलदाय विभाग के अधिकारी को बुलाने की बात पर अड़ी रही। एक घंटे बाद लाडनूं जेईएन विजयपाल मौके पर पहुंचे तथा महिलाओं को टंकी से नीचे उतरकर अपनी बात रखने के लिए राजी किया। इस दौरान पूर्व सरपंच बजरंगलाल दायमा, ओमशंकर गर्वा, विकास शर्मा, नागराज नाई, श्यामसुंदर दायमा, जाकिर खान, सीताराम उपाध्याय, किशनलाल, पवन दायमा, मुकेश जयपुरिया, उपसरपंच रूस्तम खान, सूर्यप्रकाश उपाध्याय, मुकेश संजय अन्य सहित महिलाएं उपस्थित थे।

जसवंतगढ़. पेयजल टंकी पर चढ़कर नारेबाजी करती महिलाएं।

जेईएन के आश्वासन पर नहीं मानी महिलाएं

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक जेईएन से वार्ता की। वार्ता के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कई वार्ड तो ऐसे हैं, जिनमें पिछले एक-डेढ़ साल से पानी नहीं आ रहा है तथा कई वार्डों में पिछले कई महिनों ने पानी सप्लाई नहीं आ रही है। पेयजल किल्लत के कारण ग्रामीण परेशान हैं तथा जैसे-तैसे अपना काम चला रहे हैं और विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जेईएन ने ग्रामीणों को 15 दिन में समाधान करने का आश्वासन दिया, मगर महिलाएं उनके आश्वासन को नहीं मानते हुए नारेबाजी करते हुए फिर से प्रदर्शन करने लगी।

लिखित आश्वासन देकर किया लोगों को शांत

विरोध-प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जेईएन से मौके पर लाडनूं एईएन को बुलाने की मांग की। सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद एईएन नवर| मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने ग्रामीणों को 15 दिन मे सभी लाइनों की जांच करवाकर सुधार करवाने तथा पेयजल व्यवस्था सुचारू करवाने का लिखित आश्वासन देकर सभी को शांत किया।

खबरें और भी हैं...