पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 10 दिन से पानी नहीं आया तो लोगों ने नई पाइप लाइन बिछाने के काम को रुकवाया

10 दिन से पानी नहीं आया तो लोगों ने नई पाइप लाइन बिछाने के काम को रुकवाया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लाडनूं. तेली रोड पर जेसीबी के सामने आकर कार्रवाई का विरोध करते लोग।

लाडनूं का है मामला, लोगों ने जलदाय विभाग एईएन को भी घेरा

भास्कर संवाददाता | लाडनूं

पीडब्ल्यूडी द्वारा सीआरएफ योजना के तहत पिछले एक साल से चल रहे जैन विश्व भारती प्रवेश द्वार पहली पट्टी से लेकर मंगलम हॉस्पिटल, कालीजी का चौक, जौहरी स्कूल होते हुए रेलवे स्टेशन, तेली रोड से राहू गेट तक निर्माणाधीन सड़क कार्य में तेली रोड पर की गई खुदाई के बाद वहां बिछाई जा रही पाइप लाइन के कार्य को लोगों ने एकत्रित होकर काम बंद करवा दिया। लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा था कि पिछले 10 दिनों से अधिक समय से तेली रोड वासियों को पानी की सप्लाई जलदाय विभाग द्वारा नहीं की गई है।

उनका कहना है कि जलदाय विभाग के अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया था कि तेली रोड पर पानी की समस्या को हल करने के लिए यह नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है। लेकिन इस पाइप लाइन से एक भी उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं किया जा रहा है। तब इस नई पाइप लाइन को तेली रोड से होकर कहां ले जाया जा रहा है और तेली रोड के निवासियों का क्या होगा। बुधवार शाम गली नं. 35 के सामने जब जेसीबी मशीन से खुदाई की जाकर पाइप लाइन बिछाए जाने का काम चल रहा था तो लोगों ने जेसीबी के आड़े फिर कर उसे रोक दिया। बाद में जलदाय विभाग एईएन के आने पर उनका भी घेराव कर विरोध जताया।

नई पाइप लाइन से कनेक्शन नहीं दिए

तेली रोड पर गली नं. 35 तक पाइप लाइन बिछाई जा चुकी थी और उससे आगे पाइप लाइन बिछाए जाने का काम चल रहा था। एईएन नोरतन मल रैगर ने मौके पर लोगों को आश्वस्त किया कि गुरुवार को उन्हें जलापूर्ति दे दी जाएगी। लेकिन लोगों ने इस बात को नहीं माना। उनसे यह आश्वासन चाहा कि विभाग लिख कर दे कि इस नई पाइप लाइन से उनके घरों में पानी के कनेक्शन को जोड़ा जाएगा। इस बात पर एईएन आश्वासन नहीं दे पाए तथा फिलहाल वहां काम रुका हुआ है। काम बंद करवाने व घेराव करके विरोध करने वालों में अब्दुल रहमान कुरैशी, अब्दुल मुतलीफ, जाफर हुसैन, जाफर बिसायती, असलम बिसायती, सफी छींपा, मो. अली खत्री, बिदाम खत्री, इंसाफ अली, मजीद कुरैशी, उस्मान कुरैशी, अब्दुल मुनान आदि शामिल थे। गौरतलब है कि पीडब्लूडी द्वारा बनवाई जा रही इस सड़क का निर्माण पिछले एक साल से चल रहा है तथा तेली रोड पर पिछले 15 दिनों से खुदाई करके छोड़ दिया गया था। जिससे आम लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेली रोड शहर का सबसे व्यस्ततम मार्ग है, लेकिन इससे गुजरना अब संभव नहीं है और क्षेत्र के लोगों को घूमकर लंबा चक्कर लगाते हुए अन्य रास्तों से गुजरना पड़ रहा है। पीडब्लूडी ठेकेदार द्वारा खोदी गई इसी सड़क पर अब 15 दिनों बाद जलदाय विभाग भी खुदाई करवा रहा है।

खबरें और भी हैं...