आनंदपाल गैंग की लेडी डॉन अनुराधा चौधरी को पुलिस ने महिप पटेल अपहरण मामले में रविवार को लक्ष्मणगढ़ से गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। अनुराधा पिछले दिनों की जमानत पर जेल से बाहर आई थी। अब पुलिस उससे अपहरण कांड में धमकाकर गवाह को होस्टाइल करने के मामले में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, अनुराधा पर आरोप है कि लाडनूं में हुए खेराज राम हत्याकांड के मुख्य गवाह महिप पटेल का 2014 में अपहरण किया व उसे धमका कर बयान बदलने पर मजबूर किया था। इस मामले में अनुराधा चौधरी के खिलाफ लाडनूं थाने में महिप पटेल ने रिपोर्ट दर्ज करवाकर उसके दुबारा बयान लेने की मांग की है। लाडनूं पुलिस ने अनुराधा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने 3 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया है। अनुराधा से आईपीएस दीपक यादव व कुचामन सीओ विद्याप्रकाश पूछताछ कर रहे हैं। डॉ. यादव ने बताया कि पूछताछ चल रही है। अनुराधा के अलावा इस प्रकरण में 10 से 20 आरोपी हो सकते हैं। प्राथमिकी में उनके नाम नहीं हैं।