लाडनूं | गांव झेकरिया में बीते 5 दिनों से पेयजल सप्लाई नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। यहां लोगों को पानी के टैंकर मंगवा कर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। यहां खारे पानी का टैंकर 800 रुपए में और मीठे पानी का टैंकर 2 हजार रुपए तक में मिल पा रहा है। इसके अलावा कुछ लोग हैंडपंप के पानी से काम चलाते हैं। जो खारा व पीने के लायक नहीं है। गांव में करीब 900 की आबादी है और 500 पशुधन हैं। लेकिन पेयजल के लिए खासी परेशानी हो रही है। ग्रामीण गोपालसिंह ने बताया कि गांव में एक हैंडपंप लगा हुआ है। लेकिन उसमें खारा पानी आ रहा है और वह भी पीने के लायक नहीं है। इसके बावजूद हैंडपंप पर पानी के लिए लोगों की कतारें लगी रहती है। पानी की समस्या के बारे में जलदाय विभाग को पहले लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।