लाडवा | राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा ने लाडवा के संजय गांधी मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को स्टेडियम की नींव रखी। कहा कि अध्यापन में सूचना व शिक्षा का समावेश रहता है । लेकिन सूचनाओं को शिक्षा में परिवर्तित करना प्रत्येक अध्यापक को सीखना होगा। इससे पहले सांसद का विद्यालय प्रांगण में पहुंचने पर स्कूल कमेटी प्रधान पवन गर्ग सहित सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया। विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर स्वागत किया। वहीं स्कूल सभागार में स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
ये रहे कार्यक्रम में मौजूद |मौके पर कमेटी के सचिव रविंद्र बंसल, नरेंद्र सिंघल, जीतेंद्र सिंह गिल, वेद प्रकाश, राजपाल भूखड़ी, जसबीर मलौर, मेहर सिंह रामगढ़, सतपाल कौशिक, राजेंद्र कल्याण, बिमला सरोहा, रोहित गर्ग, ललित बुटाना, रामकुमार शास्त्री, राकेश गोयल, प्रदीप रोहिल्ला, रामस्वरूप, जगदीश अमीन, स्कूल प्रिंसिपल धर्मेंद्र खेड़ा, आईजीएन कॉलेज के प्रिंसिपल हरिप्रकाश शर्मा, हिन्दू स्कूल प्रिंसिपल राजबीर शर्मा, रिंकू पुनिया आदि मौजूद रहे।
पिता ने रखी थी संस्था की नींव : सैलजा
सैलजा ने बताया कि यह उनके लिए गर्व बात है कि वे आज उस संस्था के साथ जुड़ी, जिस संस्था की आधारशिला उनके पिता स्व. दलबीर सिंह ने रखी थी। शैलजा ने प्रबंधक कमेटी के प्रधान पवन गर्ग एवं धनौरा सरपंच के कहने पर गांव धनौरा के विकास के लिए पांच लाख रुपए ग्रांट देने की घोषणा भी की। पवन गर्ग ने कहा कि कुमारी सैलजा ने अपने निजी कोष से इस स्टेडियम के लिए 21 लाख रुपए का योगदान दिया है। बताया कि शैलजा के पिता दलबीर सिंह के हाथों ही इस स्कूल की नींव रखी गई थी। दलबीर सिंह सन 1980 में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष थे। सन 1980 में उन्होंने ही स्कूल की नींव रखी थी। यह संयोग है कि आज उनकी बेटी ने स्टेडियम की आधारशिला रखी। इस दौरान कुमारी सैलजा ने सत्र 2016-17 के कक्षा 10 के होनहार छात्रों को सम्मानित भी किया।