जेवरात व दस्तावेज जब्त, बेटा बोला-हत्या हुई है तो शव कहां हैं
लाखेरी. शहर के बुजुर्ग दंपती हजारीलाल व कैलाशी बाई के अपहरण व हत्या के मामले में पुलिस ने करौली के एक गांव से चोरी गए जेवरात व भूखंड के दस्तावेज बरामद किए हैं। साथ ही वारदात के दौरान महिला ने जो गाने पहन रखे थे। वे भी आरोपी घनश्याम की निशानदेही पर बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल मुख्य आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए जिस हार के चोरी होने की कहानी रची थी उसे बरामद किया है।
वारदात के समय महिला द्वारा पहने गहनों की भी पुलिस ने बरामदगी की है। पुलिस ने रिमांड पर चल रहे मुख्य आरोपी घनश्याम को करौली में घटनास्थल पर ले गई। जहां उसकी निशानदेही पर यह बरामदगी हुई। फिलहाल पुलिस बुजुर्ग दंपति के शवों को लेकर पशोपेश में है। वारदात के तीन माह से अधिक समय होने के बावजूद बुजुर्ग दंपती के शवों की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। बुजुर्ग दंपति के पुत्र विनोद कुमार ने बताया कि घटना के तीन माह से अधिक समय निकल जाने के बावजूद उनके माता-पिता का कोई अता-पता नहीं लग पाया है। यदि उनकी हत्या हो गई है तो पुलिस उनके शवों को खोजे। विनोद के अनुसार सात दिनों में पुलिस ठोस सबूत तथा शवों की जानकारी नहीं देती है, तो वे परिजनों के साथ धरने पर बैठेंगे। एसएचओ कौशल्या गालव ने बताया कि पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।