लाखेरी में सरकारी काॅलेज के अभाव में युवाओं को नहीं मिल पाती उच्च शिक्षा
शहर में सरकारी काॅलेज खोलने की मांग को लेकर छात्र संगठन व विहिप बजरंगदल ने राज्य सभा सांसद राजकुमार वर्मा व खाद्य मंत्री बाबूलाल वर्मा को ज्ञापन दिया है।
राष्ट्रीय छात्र मीणा महासभा ने ज्ञापन में बताया कि शहर में वर्षों से सरकारी काॅलेज की मांग चली आ रही है। राजनीतिक इच्छाशक्ति के अभाव में सरकारी काॅलेज शुरू नहीं हो पाया है। जबकि, शहर सहित ग्रामीण इलाकों के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए कोटा-बूंदी व सवाईमाधोपुर जाना पड़ता है। जिसके चलते परिजनों पर आर्थिक भार अधिक पड़ता है। शहर में आठ सीनियर सैकंडरी स्कूल संचालित है, जहां से प्रति वर्ष तीन सौ छात्र उच्च अध्ययन के लिए तत्पर रहते है, लेकिन शहर में सरकारी काॅलेज नहीं होने पर आधे से ज्यादा छात्र उच्च अध्ययन के लिए काॅलेज तक पहुंच ही नहीं पाते है। शहर में यूं तो सरकारी काॅलेज को लेकर राजनीतिक रूप से घोषणा हुई, लेकिन इन घोषणा पर अमल नहीं हो पाया है। सरकारी काॅलेज नहीं होने से बालिका शिक्षा कार्यक्रम भी प्रभावित हो रहा है। काॅलेज के अभाव में बालिकाएं उच्च अध्ययन के लिए शहर से बाहर नहीं जा पाती है। काॅलेज नहीं होने का खामियाजा सर्वाधिक आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भुगतना पड़ता है। इसके चलते शहर में एक सरकारी काॅलेज की आवश्यकता है। इस दौरान बजरंग दल के राधेश्याम सैनी, अमित मीणा मौजूद रहे।