खाद्यमंत्री बाबूलाल वर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ सहयोगी गतिविधियों में छात्रों की भागीदारी से प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। साथ ही वे अन्य क्षेत्र में अपनी रुचि पैदा कर सकते हैं। यह बात वर्मा ने गुरुवार को एसीसी जिमखाना मैदान पर चल रहे डीएवी स्कूल के समर कैंप में बतौर मुख्य अतिथि कही।
वर्मा ने कहा कि समर कैंप समय का सदुपयोग करने का एक साधन है, वहीं इससे छात्रों को नई जानकारी मिलती है। छात्रों में विभिन्न गतिविधियों के प्रति रुचि भी बढ़ती है। कैंप में 100 से अधिक छात्र प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसमें क्रिकेट फुटबाॅल, स्केटिंग, सेल्फ डिफेंस, टेबल टेनिस, बैडमिंटन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। छात्रों ने सेल्फ डिफेंस के तरीकों का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर एसीसी प्लांट निदेशक मनोज जिंदल, डीएसपी नरपतचंद, शरतसिंह मौजूद रहे। कैंप कोच रवि माथुर ने बताया इसमें करवर, इंद्रगढ़, लाखेरी के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।