गोमिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर गोमिया प्रखंड के सुदूरवर्ती केरी फुटबॉल मैदान में झामुमो महागठबंधन की साझा प्रत्याशी बबीता देवी के समर्थन में चुनावी सभा का आयोजन किया गया। सभा में मुख्य रूप से झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, विपक्ष के नेता हेमंत सोरेन, राजमहल सांसद विजय हांसदा, झाविमो के प्रधान सचिव सह विधायक प्रदीप यादव, डुमरी विधायक जगरनाथ महतो, झाविमो नेता व पूर्व विधायक बंधु तिर्की आदि नेता मौजूद थे। सभा को संबोधित करते दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने कहा कि झारखंड में खनिज सम्पदा होने के बावजूद झारखंडियों को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ रहा है। इसका कारण भाजपा आजसू गठजोड़ सरकार की स्थानीय एवं नियोजन नीति है। यह सरकार दिल्ली के इशारे पर चल रही है। यहां के भोलेभाले लोगों को ठगने का कम कर रही है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि रघुवर सरकार गोमिया के तेज तर्रार विधायक योगेंद्र महतो के कार्यों से बौखलाहट में आकर साजिश रचकर सदस्यता समाप्त करवाई है। राज्य में आए दिन दुराचार, हत्या जैसी घटनाएं आम हो गयी है। लेकिन सरकार इन घटनाओं को रोकने की बजाय अपराधियों को संरक्षण दे रही है। राज्य की खनिज संपदा को पूंजीवादियों के हाथों के बेचने की तैयारी में है। कहा कि जबतक भाजपा को झारखंड से भगाएंगे नहीं, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने गोमिया के लोगों से आग्रह किया कि राज्य हित में झामुमो का समर्थन करें और बबीता देवी को विधानसभा भेजने का काम करें। वहीं झाविमो विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य की भाजपा आजसू की सरकार उद्योगपतियों एवं पूंजीपतियो के इशारे पर चलकर किसान मजदूरों की कृषि योग्य भूमि को छीनने में लगी है। पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा वर्तमान भाजपा सरकार आंदोलनकारियों को साजिश रच कर जेल भेज रही है। बंधु तिर्की ने कहा कि आजसू व भाजपा की सरकार झारखंड को जिस तरह चूसा है उसी तरह झारखंड के खनिज संपदा को चूसने का कार्य कर रही है। इस लूटबंधन की सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। झामुमो प्रत्याशी बबिता देवी ने कहा कि मुझे मौका दें अधूरे कार्यों को पूरा करुंगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक योगेन्द्र महतो, विजय हांसदा, जगरनाथ महतो, कांग्रेस नेता केदारनाथ पंडा, रामकिशुन रविदास, शरण दास, सीपीआई के इफ्तिखार महमूद, रामचंद्र ठाकुर, झाविमो जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज, जिप सदस्य रमीला सोरेन, रामगढ़ की जिप सदस्य ममता देवी भी थीं।
मंचासीन झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, हेमंत समेत महागठबंधन के नेतागण।
झामुमो के पक्ष में अकलियतों को गोलबंद करने की मुहिम तेज
आलमगीर ने झामुमो प्रत्याशी के लिए मांगा वोट
बोकारो। गोमिया विधान सभा उपचुनाव में झामुमो प्रत्याशी बबीता देवी के समर्थन में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से वोट देने की अपील की। दौरे में उनके साथ पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, पूर्व विधायक सरफराज अहमद और बोकारो जिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजूर अंसारी भी थे।
कई युवाओं ने थामा झामुमो का दामन
कसमार । गोमिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। वहीं, कार्यकर्ता दलों में अपने स्थायी ठिकाने तलाशते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में विभिन्न दलों के दर्जनों युवाओं ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। इनमें अभिषेक जायसवाल, सुजीत कपरदार, सचिन रजवार, उत्तम ठाकुर, आशीष कुमार, मीठू कपरदार, मंटू कपरदार, मनीष कपरदार, कृष्णा कपरदार, महेश ठाकुर, अमित कुमार, रामदेव, सूरज कुमार, जायसवाल आदि मुख्य हैं। झामुमो के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद महतो ने उनका स्वागत किया। महताे ने कहा कि झामुमो सिद्धांतवादी पार्टी है। यहां किसी प्रकार का छल-प्रपंच नहीं है। हमने ईमानदारी पूर्वक विकास का कार्य किया है। जनता मुझे उसका मेहनताना जरूर देगी। मौके पर माले के बुधन करमाली, झामुमो के दिलीप हेम्ब्रम, नवीन जायसवाल, नित्यानंद महतो, अमृत महतो, उमेश मुंडा, कपलेश्वर महतो, वरूण, चांद मुख महतो, धरमनाथ महतो, तीर्थनाथ महतो, गुणा महतो, संजय प्रजापति, नरेश करमाली, उपस्थित थे।
कथारा | गोमिया विधानसभा उपचुनाव में झामुमो, कांग्रेस सहित कई दलों की संयुक्त प्रत्याशी बबीता देवी के पक्ष में कांग्रेस के वरीय नेता सरफराज अहमद, आलमगीर आलम, फुरकान अंसारी, हाजी हुसैन अंसारी, शहजाद अनवर हाजी व नजीर ने कर्बला मैदान में सभा आयोजित कर अकलियतों को केंद्र एवं राज्य सरकार के मुस्लिम विरोधी नीतियों की जानकारी दी।
साथ ही एक मंच पर आकर बबीता देवी को वोट करने का आह्वान किया। सभा की अध्यक्षता इसराफिल अंसारी उर्फ बबनी एवं संचालन जिला अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने किया।
भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में कसमार की कई पंचायतों में मंत्री ने की चुनावी सभाएं
समाज के अंतिम व्यक्ति का विकास करना राज्य की सरकार का लक्ष्य : अमर बाउरी
कसमार के बगदा में जनसंपर्क करते मंत्री अमर बाउरी ।
भास्कर न्यूज | कसमार
गोमिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी माधवलाल सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करने सूबे के मंत्री अमर कुमार बाउरी सोमवार को कसमार पहुंचे। मंत्री के साथ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुणानंद महतो व अन्य कई नेता मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने प्रखंड के खैराचातर, बगदा, सिंहपुर, टंगटोना, मंजुरा, गर्री, कसमार व पोंडा पंचायत में दर्जनों गांवों में सभा कर लोागों को माधवलाल सिंह को भारी मतों से विजयी की अपील की। बगदा में नुक्कड़ सभा में उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने सवा तीन साल में जिस तेजी से सूबे का सर्वांगीण विकास किया है, इससे आम जनता में खुशी की लहर है। राज्य सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास के लिए संकल्पित है। इसलिए पैसे व शराब के चक्कर में पड़कर अपने वोट को बर्बाद न करें। सभी को अपने वोट की कीमत व अहमियत समझनी होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में तेजी से पेयजल, शिक्षा, बिजली, सड़क व अन्य मूलभूत सुविधाओं में गुणात्मक सुधार हो रहा है। विकास के काम देखकर विपक्षी दल घबरा गए हैं। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है , कार्यकर्ताओं के मेहनत , लगन व निष्ठा से ही आज भाजपा पूरी दुनिया की सबसे बड़ी व अनुशासित पार्टी के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुणानंद महतो ने कहा कि पूरे गोमिया विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों की मेहनत से इस उपचुनाव में भाजपा की जीत निश्चित है। चुनाव में बहुरूपिये से सावधान रहकर कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएं। ताकि गोमिया विधानसभा में कमल खिले। मौके पर अनंत महतो, सुनील कपरदार, तपन झा, राजेन्द्र नाथ महतो, उपेंद्र जायसवाल, किरानी करमाली, कमल दास, रतन कुमार चौबे, ब्रजेश महाराज, दुर्गाचरण दे, अचिंत्य बाउरी, रवींद्र घासी, राजू घासी, जमनी देवी, शुकरी देवी आदि थीं।