सर्व शिक्षा अभियान का बजट प्रस्ताव 21 तक भेजें
केंद्रीय मानव संसाधन विकास विभाग के निर्देश के आलोक में शिक्षा विभाग का बजट बनाने के लिए सरकार द्वारा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसे लेकर गुरुवार को झारखंड शिक्षा परियोजना पर्षद (जेईपीसी) के निदेशक ने राज्य के 12 जिलों के एडीपीओ के साथ बैठक कर विचार-विमर्श किया। इनमें रांची के अलावा खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, सरायकेला, जमशेदपुर और चाईबासा के शिक्षा अधिकारी शामिल थे।
जेईपीसी की निदेशक विप्रा भाल ने कहा है कि 21 अप्रैल तक जिलों से बजट बनाकर राज्य को भेज दिये जाएं, ताकि समय रहते विभाग की ओर से समग्र शिक्षा अभियान बजट तैयार कर केंद्र को भेजा जा सके। मौके पर जेईपीसी के प्रमोद कुमार, अभिनव कुमार, रतन श्रीवास्तव, अनुमा तिर्की और ममता लकड़ा उपस्थित थे। बताते चलें कि इस वर्ष से एक छत के नीचे केजी से लेकर 12वीं तक पढ़ाई शुरू की जानी है। इसके लिए प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा का साझा अभियान चलाया जाएगा।