छापामारी में भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ कारोबारी धराया
गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की रात शहर के वैष्णो दुर्गा मंदिर के पास गुरुद्वारा रोड निवासी सुधीर प्रजापति के घर में सदर थाना पुलिस ने छापामारी कर घर में भारी मात्रा में रखे गए अवैध शराब के साथ सुधीर प्रजापति को गिरफ्तार कर लातेहार जेल भेज दिया है। पुलिस ने सदर थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित इस घर में अवैध रूप से रखे गए बीयर की 83 बोतलें और 50 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के अलावा डीप फ्रिजर भी बरामद किया है।
शुक्रवार को सदर थाना परिसर में प्रेसवार्ता में एसडीपीओ अनुज उरांव ने बताया कि एसपी प्रशांत आनंद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गुुरुवार की रात करीब दस बजे उत्पाद विभाग एवं लातेहार पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई है। एसडीपीओ ने बताया कि अवैध शराब एक कच्चे मकान में छुपाकर रखे गए थे। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि यह अवैध शराब चुनाव के मद्देेनजर स्टॉक किया गया है, जिससे चुनाव प्रभावित किया जा सके। एसडीपीओ अनुज उरांव ने कहा कि बरामद शराब काफी पुराना है। इसपर अंकित मूल्य पुराना है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। छापामारी की यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब हो कि पूर्व में भी अवैध शराब कारोबारी सुधीर प्रजापति को पुलिस तीन बार गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मौके पर उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू, प्रशिक्षु डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा, थानेदार रमेश कुमार सिंह समेत कई पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
सरकारी शराब दुकानदारों की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में : पुलिस द्वारा सुधीर प्रजापति के घर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद किया जाना कई सवालों को जन्म दे रहा है। इस छापामारी से सरकारी लाइसेंसी शराब विक्रेताओं की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में है। विगत डेढ़ माह पूर्व शहर के एक सरकारी शराब दुकान में अनियमितता बरते जाने की सूचना पर संबंधित पदाधिकारियों द्वारा छापामारी की गई थी, लेकिन शराब की कालाबाजारी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। शहर में कई ऐसे छोटे-मोटे अवैध अंग्रेजी शराब के कारोबारी हैं, जो चंद पैसे कमाने के लिए सरकारी शराब दुकान से अंग्रेजी शराब खरीदकर उसका अवैध भंंडारण कर समय-समय पर प्रिंटेड रेट से अधिक मूल्य पर ग्राहकों को बेचते हैं, जिससे सरकार को राजस्व की क्षति हो रही है और सरकारी शराब दुकानदार व अवैध शराब कारोबारी दोनों मालामाल हो रहे हैं।