चुनाव की प्रशासनिक तैयारी पूरी 15 बूथों में कल डाले जाएंगे वोट
आसन्न नगर पंचायत आम चुनाव की प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर के सभी 15 वार्डों में एक-एक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चार अतिसंवेदनशील व 11 बूथ संवेदनशील घोषित किए गए हैं। सभी में 16 अप्रैल की सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। उन बूथों में 7421 महिला समेत 15443 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी में शनिवार को चुनाव प्रेक्षक व उपायुक्त राजीव कुमार की मौजूदगी में रेंडेमाइजेशन का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। डीपीआरओ पीएस मुंडा ने बताया कि मतदान पदाधिकारियों के बीच रविवार को चुनाव सामग्रियां बांटी जाएगी। इसी दिन शाम में सभी अपने-अपने मतदान केंद्र के लिए रवाना किए जाएंगे। रेंडेमाइजेशन के दौरान डीडीसी अनिल कुमार सिंह, सामान्य पर्यवेक्षक सी कुमार, आरओ सह एसी एनए बागे, आईटीडीए निदेशक चंद्रशेखर प्रसाद, सदर एसडीआे जयप्रकाश झा, जितेंद्र मुंडा, देवराज गुप्ता आदि मौजूद थे।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व वार्ड के लिए मिलेंगे अलग-अलग पर्चे : डीपीआरओ ने बताया कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद के लिए अलग-अलग पर्चे बनाए गए हैं। अध्यक्ष के गुलाबी, उपाध्यक्ष का हरा और वार्ड पार्षद के लिए सफेद पर्चे दिए जाएंगे। जिसके बाद ही मतदाता बूथों में वोट डाल सकेंगे।
133 पदाधिकारी लगाए जाएंगे चुनाव कार्य में : चुनाव कार्य में 19 पीठासीन पदाधिकारियों समेत 133 मतदान पदाधिकारी (सुरक्षित सहित) लगाए जाएंगे। डीपीआरओ मुंडा ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र में एक पीठासीन पदाधिकारी के साथ छह मतदान पदाधिकारी प्रतिनियुक्ति किए गए हैं।
शहर के इन 15 बूथों में डाले जाएंगे वोट : आसन्न चुनाव को लेकर शहर में 15 बूथ बनाए गए हैं। सभी बूथों में 16 अप्रैल को पूर्वाह्न सात बजे से अपराह्न पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। डीपीआरओ ने बताया कि मवि करकट, प्रावि बानपुर व राजहार, सामुदायिक भवन बाजारटांड़ डुरुआ, सामुदायिक भवन चांदनी चौक टांड मुहल्ला डुरूआ, सामुदायिक भवन डुरूआ, मवि आश्रम, आंगनबाड़ी केंद्र (कोड संख्या 106) शिवपुरी, मवि लातेहार बाजार, आंगनबाड़ी केंद्र (कोड संख्या 107) अंबाकोठी, राजकीय प्लस-टू उच्च विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र (कोड संख्या 103) अम्वाटीकर, उमवि अम्वाटीकर पश्चिम भाग, मवि चंदनडीह एवं राजकीय बुनियादी विद्यालय धर्मपुर में वोट डाले जाएंगे।
चुनाव को लेकर रेंडमाइजेशन के दौरान मौजूद डीसी व अन्य।