पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अवैध शराब कारोबारी को जुर्माना लेकर छोड़ा

अवैध शराब कारोबारी को जुर्माना लेकर छोड़ा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर पंचायत चुनाव के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक प्रशांत आनंद के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए शहर में लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार की रात लातेहार स्टेशन क्षेत्र के धोबी मोहल्ला से गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अवैध शराब बरामद किया। इस सिलसिले में अवैध शराब विक्रेता अनूप कुमार राम को पकड़ने के बाद देर रात को दस हजार रुपए बतौर जुर्माना लेकर छोड़ दिया गया। शराब की बरामदगी आरोपी के दुकान व घर से हुई है। पुलिस द्वारा जुर्माना लेकर अनूप को छोड़ दिया जाना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब हो कि दो दिन पूर्व अवैध शराब रखने के आरोप में ही शहर के गुरुद्वारा रोड निवासी सुधीर प्रजापति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लोगों का कहना है कि कानून सबके लिए बराबर है। फिर एक ही जुर्म के लिए एक आरोपी को जेल भेजना और दूसरे को इसी आरोप में दस हजार रुपए जुर्माना वसूलकर छोड़ दिया जाना समझ से परे है। सूत्रों के अनुसार नगर पंचायत चुनाव के एक प्रत्याशी द्वारा वोटरों को अपने पक्ष में रिझाने के लिए अनूप के घर में भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण किया गया था, जिसे पुलिस ने ससमय सटीक सूचना मिलने पर जब्त कर लिया। इधर, थानेदार रमेश कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इस मामले में अनूप राम को पकड़ा गया है। उसके घर से 25-26 पीस देसी शराब का पाउच, 12 पीस क्वार्टर की बोतलें जब्त की गई हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी अनूप को उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया है। वहीं, इस मामले में उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने कहा कि मुझे शनिवार की रात में छापामारी करने के बाद थाना पुलिस ने बताया कि अवैध शराब पकड़ा गया है। शराब की मात्रा पूछे जाने पर उस समय मुझे नहीं बताया गया। बाद में मुझे बरामद शराब की मात्रा बताई गई, जिसके बाद प्रावधान के मुताबिक 10 हजार रुपए फाइन लेकर अनूप को छोड़ दिया गया। चूंकि, मैं लातेहार में नहीं था, इसलिए मेेरे कर्मी ने जुर्माना की राशि ली। जब उनसे यह पूछा गया कि एक ही आरोप में दो पेशेवर शराब विक्रेताओं के पकड़े जाने पर एक को जेल और दूसरे को क्यों छोड़ दिया गया तथा इस मामले में सरकारी शराब दुकानदार पर क्या कार्रवाई होगी तो इसपर उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट जवाब देने से कतराते रहे।

एसपी प्रशांत आनंद ने कहा कि शनिवार की रात में स्टेशन क्षेत्र से अवैध शराब बरामद किया गया है। इस मामले में एक की गिरफ्तारी हुई है। इस मामले की जांच के बाद इसमें शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...