ब्रिज से मजदूर गिरा, सेफ्टी बेल्ट नहीं होने से मौत
बालूमाथ अस्पताल में साइट इंचार्ज के खिलाफ हंगामा करते रेलवे के मजदूर।
भास्कर न्यूज | बालूमाथ
बालूमाथ-टोरी-शिवपुर रेल निर्माण कार्य करने के दौरान रॉयल इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी के मजदूर महेश यादव (35) पिता टेकलाल यादव (कारीमाटी, बालूमाथ) की मौत गिरने से हो गई। परिजनों ने बताया कि महेश सावांसार ग्राम के समीप बन रहे 27 नंबर रेल ब्रिज में कार्य कर रहा था। कंपनी द्वारा मजदूरों को सेटरिंग कार्य में लगाए गए लोगों को सेफ्टी बेल्ट नहीं दिया गया था। इसी बीच महेश यादव ऊपर से फिसलकर पुल निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के मजदूरों के सहयोग से उसे बालूमाथ अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अशोक ओडिय़ा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मजदूर महेश की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में ही रॉयल इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड के साइट इंचार्ज सतीश कुमार शर्मा समेत कंपनी के कई अधिकारियों के खिलाफ जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने साइट इंचार्ज पर आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूर की मौत के बाद मजदूर के शव के बगल में सेफ्टी बेल्ट रखकर फोटो खींचा गया है, ताकि आला अधिकारियों को दिखाया जा सके। परिजनों ने मृतक के परिजनों को 20 लाख मुआवजा व आश्रित को कंपनी में नौकरी देने की मांग को लेकर शव को उठने से रोक दिया। हंगामा को देखते हुए साइट इंचार्ज सतीश शर्मा ने कंपनी के अधिकारियों से बातचीत करने के बाद मृतक के आश्रितों को पांच लाख रुपए नगद व मृतक के पुत्र शिव कुमार यादव को सुपरवाइजर के पद पर नौकरी देने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने शव को उठाने दिया। बालूमाथ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु लातेहार भेज दिया है। घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।