मुखिया की धांधली के खिलाफ शिकायत
चंदवा | अलौदिया पंचायत के वार्ड नंबर एक के वार्ड सदस्य लुंदर गंझू ने उपायुक्त लातेहार को आवेदन देकर मुखिया बालकृष्ण लोहरा द्वारा कराए गए कार्यों की जांच की मांग की है। दिए गए आवेदन में कहा गया है कि प्रधानमंत्री आवास निर्माण में लाभुकों से 10 से 15 हजार रुपये की वसूली इनके द्वारा की जा रही है। पैसा नहीं देनेवाले लाभुकों का चयन रद्द कर दूसरे को आवास दे दिया जा रहा है। डोभा निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने के बाद भी पैसे की राशि निकाल ली गई है। वार्ड सदस्य ने कहा कि मेरा जाली हस्ताक्षर व मुहर लगाकर पैसे की फर्जी निकासी की गई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि प्रधान सचिव ग्रामीण विकास विभाग, मुख्य सचिव झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री झारखंड को भी दी गई है।