पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • उपयोगिता का आकलन करने के बाद योजनाओं का चयन करें

उपयोगिता का आकलन करने के बाद योजनाओं का चयन करें

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लातेहार स्टेशन क्षेत्र के वार्डों का जायजा लेते डीसी व नपं अध्यक्ष।

भास्कर न्यूज | लातेहार

नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए उपायुक्त राजीव कुमार रविवार को नगर पंचायत क्षेत्र के रेलवे स्टेशन पहुंचकर वार्ड नंबर 4, 5 एवं 6 में नगर पंचायत की आेर से संचालित योजनाआें का जायजा लिया। वार्ड में निवास करनेवाले लोगों को पानी, बिजली, सड़क समेत अन्य मूलभूत सुविधा मिलने में हो रही परेशानी से भी अवगत हुए। भ्रमण के क्रम में उपायुक्त कुमार ने नगर पंचायत के कर्मियों को नसीहत देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए कार्य नहीं करें, बल्कि योजनाआें का चयन उसकी उपयोगिता का आकलन करके ही करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को भी अपने हक के प्रति जागरूक होकर अपने वार्ड एवं मोहल्ला के विकास में अहम भूमिका निभाने को लेकर प्रेरित किया। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सीतामणि तिर्की, उपाध्यक्ष नवीन कुमार सिन्हा, नगर पंचायत पदाधिकारी अरूण भारती, बसंत भगत, आशीष पांडेय, राजू प्रसाद, अभिषेक गुप्ता, नारायण प्रसाद समेत वार्ड सदस्य मौजूद थे।

स्टेशन की विधि व्यवस्था को देख नाराज हुए उपायुक्त : निरीक्षण के क्रम में स्टेशन की विधि व्यवस्था को देख नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पाया कि पानी के अभाव में स्टेशन पर बना शौचालय बेकार हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस दौरान उन्होंने स्टेशन मास्टर को बुलाया एवं स्टेशन परिसर की विधि व्यवस्था दुरूस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने डीआरएम को भी पत्र लिखकर स्टेशन की व्यवस्था से अवगत कराने की बात कही। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्टेशन के समीप सोलर टंकी लगाकर पानी सप्लाई कराने का निर्देश नगर पंचायत अधिकारी को दिया।

निर्जन स्थान पर बने शौचालय देख भौंचक रह गए उपायुक्त : नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 में नगर पंचायत विभाग द्वारा बनाए गए नए शौचालय को देख उपायुक्त भौंचक रह गए। निरीक्षण के क्रम में डीसी ने पाया कि जिस स्थान पर लाखों रुपये खर्च कर शौचालय का निर्माण कराया गया है, वहां जनसंख्या नगण्य है। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं नगर पंचायत पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना की उपयोगिता के आधार पर ही नगर क्षेत्र में विकास का कार्य करें।

जमीन का सर्वे कराकर रास्ता बनाने का दिया निर्देश : उपायुक्त जब वार्ड नंबर पांच में पहुंचे तो एक वृद्ध महिला सुधा देवी ने रास्ते की मांग करते हुए उपायुक्त से कहा कि रास्ता दिलादेऊ साहेब मरबई तो आखिर कईसे निकलबई। इसपर उपायुक्त जमीन का सर्वे कराकर नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को रास्ता निकालकर सड़क निर्माण कराने का आदेश दिया। उन्होंने अध्यक्ष को प्रत्येक वार्ड में दो से तीन सोलर टंकी लगाने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने औरंगा नदी पर बने पंप हाउस का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा डीसी ने नगर पंचायत क्षेत्र में लगी सभी हाईमास्क लाइट को एक सप्ताह के अंदर जलाने का निर्देश नगर पंचायत पदाधिकारी को दिया है। कहा कि अगर एजेंसी द्वारा लाइट जलाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो उसे काली सूची में डालकर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।

खबरें और भी हैं...