लातेहार | अनुसूचित जाति आदिवासी जनजाति एकता मंच की बैठक आदिवासी वासा ओड़ा में रविवार को प्रखंड पड़हा राजा सुकू उरांव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मंच का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से प्रखंड समिति लातेहार के अध्यक्ष सुकू उरांव, सचिव विनोद राम एवं कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार को बनाया गया। वहीं, कार्यकारिणी सदस्यों में धनदेव राम, जीतवाहन सिंह, तेतर उरांव, मोती उरांव, जुलेश्वर लोहरा, प्रवीण कुमार भारती, रंथु उरांव, बिरसा मुंडा को शामिल किया गया है। बैठक में बताया गया कि 28 मई को पड़हा समिति द्वारा मुख्यालय से 32 जनजातियों द्वारा एक रैली निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें वर्तमान सरकार में कुरमी, कुड़मी, तेली को आदिवासी जनजाति में शामिल करने की नीति एवं स्थानीय नीति, विस्थापन नीति एवं नियोजन नीति के विरोध में सभी जनजातियों को अपने पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ा के साथ हजारों की संख्या में भाग लेने का निर्णय लिया गया। रैली को सफल बनाने के लिए प्रखंड में अनुसूचित जनजाति एवं जाति के सभी पंचायत में पंचायतवार एकता मंच का गठन करने की जिम्मेवारी दी गई है। मौके पर कई लोग उपस्थित थे।