वॉलीबॉल में लातेहार पुलिस और मनिका ने जीते अपने-अपने मैच
हरिकृष्ण खेल एसोसिएशन मनिका के बैनर तले मनिका हाईस्कूल के मैदान में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि मनिका विधायक हरिकृष्ण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। उद्घाटन मैच लातेहार पुलिस टीम और डे-बोर्डिंग लातेहार के बीच खेला गया। इसमें लातेहार पुलिस ने डे-बोर्डिंग को 25-18, 25-12, 25-20 से हराया।
दूसरा मैच मनिका और महाकाल बरवाडीह के बीच खेला गया, जिसमें मनिका टीम के कप्तान विधायक हरिकृष्ण सिंह के शानदार प्रदर्शन के बदौलत मनिका ने महाकाल बरवाडीह को 25-17, 25-16 से हराया। जबकि तीसरा मैच मनिका बी और बरवाडीह थाना के बीच खेला गया, जिसमें मनिका बी ने बरवाडीह थाना को 25-14 व 25-17 से हराया। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष लाल अमित नाथ शाहदेव, टूर्नामेंट के अध्यक्ष मनीष सिंह, एसडीपीओ बरवाडीह अमरनाथ, प्रशिक्षु डीएसपी संतोष मिश्रा, मनिका जिप सदस्य महेश सिंह, 20 सूत्री अध्यक्ष विश्वनाथ राय, रघुपाल सिंह, जयवर्धन सिंह, रामधनी सिंह, छोटू राजा, मंदीप प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि बबन पासवान, मनिका पंचायत सदस्य गोविंद पासवान, बरवाडीह थाना प्रभारी रतन सिंह आदि मौजूद थे।