लातेहार | पिछले पांच वर्षों से मोंगर पंचायत में बन रहा पंचायत सचिवालय भवन का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। वर्ष 2011-12 में स्वीकृत इस सचिवालय निर्माण का कार्य 18 लाख 55 हजार की लागत से हो रहा है। निर्माण में बीआरजीएफ एवं मनरेगा की राशि खर्च की गई है। ग्रामसभा के माध्यम से अध्यक्ष सुबास सिंह एवं सचिव सुनील प्रसाद यादव का चयन कर निर्माण कार्य की जिम्मेवारी सौंपी गई थी, परंतु अप्रत्यक्ष रूप से उक्त योजना में आधे दर्जन से अधिक बिचौलिये सक्रिय थे। कच्छप गति से हो रहे इस कार्य से पंचायत वासियों को काफी परेशानी हो रही है। वर्तमान में पुराने जीर्ण-शीर्ण भवन में पंचायत सचिवालय का कार्य चल रहा है। निर्माणाधीन पंचायत सचिवालय में गुणवत्ता की अनदेखी करते हुए कार्य कराया जा रहा है। भवन में लगे खिड़की-दरवाजे भी निम्न स्तर के लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने उपायुक्त से अधूरे पंचायत सचिवालय भवन को पूरा कराने की मांग की है, ताकि पंचायत भवन से विकास की योजनाओं का संचालन सही ढंग से हो सके। बीडीआओ गणेश रजक ने कहा कि एक माह के अंदर कार्य पूरा करा लिया जाएगा।