पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • समिति ने नहीं दिखाए कोयला भंडारण के कागजात

समिति ने नहीं दिखाए कोयला भंडारण के कागजात

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नवनिर्मित टोरी-शिवपुर रेल लाइन के मध्य स्थित बीराटोली स्टेशन पर अवैध तरीके से कोयले के भंडारण की 15 मई को दैनिक भास्कर में छपी खबर के बाद जिला पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मंगलवार को एसडीपीओ अनुज उरांव के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासन कोयला डंप स्थल पर पहुंचे व स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने पाया कि स्टेशन परिसर के उत्तर व दक्षिण दिशा में कोयला का भंडारण किया गया है। सारे मामले पर एसडीपीओ ने बताया कि मौजूदा स्थिति में बीराटोली कोल साइडिंग श्रमिक समिति द्वारा कोयला का भंडारण किया गया है। इसपर समिति के अध्यक्ष झामुमो युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रवींद्र गंझू से कोयला भंडारण व उठाव के साथ रेलवे का अनापत्ति पत्र व प्रदूषण सर्टिफिकेट की मांग की गई, लेकिन वे कोई कागजात नहीं दिखा सके।

गंझू ने कागजात उपलब्ध कराने को लेकर समय की मांग की। सारे मामले पर एसडीपीओ ने गंभीरता दिखाते हुए दस्तावेज उपलब्ध कराने को लेकर समय दिया। इसके साथ ही निर्देशित किया कि मामले पर पूर्ण दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद ही कोयला डंपिंग का कार्य आरंभ किया जाए, अन्यथा कानून अपना कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि बुधवार तक अगर कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया तो भंडारण किए गये कोयले को जब्त कर लिया जाएगा व कानूनसम्मत कार्रवाई की जाएगी। मौके पर बीडीओ देवदत्त पाठक, पुलिस निरीक्षक कमलेश्वर पांडेय, बालूमाथ थानेदार, सीआई समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। गौरतलब हो कि समिति के पास कोई भी कागजात उपलब्ध नहीं है।

समिति के लोग दबंगई दिखाते हुए कोयले का भंडारण कर रहे हैं। प्रयाग राज इलाहाबाद (यूपी) नामक कोयला कारोबारी द्वारा कोयले का अवैध तरीके से भंडारण किया जा रहा है, जिसका स्थानीय स्तर पर काम रवि गंझू द्वारा बनाई गई समिति द्वारा किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस ने सोमवार को जांच की, जिसके बाद मालूम हुआ कि कोयला भंडारण को लेकर संबंधित लोगों द्वारा पुलिस व प्रशासन को किसी प्रकार की सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है और मनमाने तरीके से कोयला का भंडारण किया जा रहा है। इसके अलावे समिति सदस्य द्वारा मनमानी की हद तब हो गई जब खबर संकलन करने पहुंचे कई मीडियाकर्मी को स्टेशन के करीब तक नहीं जाने दिया गया। इधर, मामले की सूचना पर उक्त स्थल पहुंचकर पुलिस ने जायजा लेना आरंभ किया और सारे मामले पर समिति के सदस्यों को कड़ी चेतावनी देते हुए पुलिस निरीक्षक कमलेश्वर पांडेय ने कानून हाथ में नहीं लेने की बात कही।

खबरें और भी हैं...