पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सुहागिनों ने व्रत रखकर अखंड सौभाग्य की कामना की

सुहागिनों ने व्रत रखकर अखंड सौभाग्य की कामना की

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पूरे जिले में मंगलवार को वट सावित्री व्रत धूमधाम से मनाया गया। हिंदू धर्मावलंबी महिलाओं ने व्रत रखकर सुहाग के कल्याण एवं रक्षा की कामना की। व्रत को लेकर प्रात: से ही महिलाओं का हुजूम शहर के विभिन्न बरगद पेड़ के नीचे जमा होने लगा था। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिलाओं ने पंचोपचार विधि से वट वृक्ष का पूजन किया एवं वृक्ष में कच्चा सूता बांधकर परिक्रमा किया। लाल-पीली साडिय़ों में सजी महिलाओं ने बताया कि वे इस पर्व को लेकर आज व्रत धारण करेंगी। उन्होंने पूजन के उपरांत सदा-सुहागिन रहने की मनौती मांगी है। लातेहार अंबाकोठी देवी मंडप के पंडित दिलीप शुक्ला ने इस व्रत के संदर्भ में बताया कि पुरातनकाल में सती सावित्री ने इस व्रत को किया था तथा सदा-सुहागन रहने की मंगलकामना की थी। व्रत के परिणामस्वरूप उनके पति की उम्र पूरी हो जाने के बाद भी यमराज ने पुन: जीवनदान दिया था।

जिला मुख्यालय के बाजारटांड़, गुरुद्वारा रोड, तापा पहाड़ी, करकट, लातेहार स्टेशन, डुरुआ के अलावे सदर प्रखंड के नावागढ़, तरवाडीह, होटवाग, पोचरा, समेत कई स्थानों पर वट वृक्ष के नीचे महिलाओं को पूजन करते देखा गया। इसी तरह जिले के चंदवा, मनिका, गारू, बालूमाथ, बारियातू, हेरहंज व महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय सहित बेतला के ग्रामीण क्षेत्रों में भी वट सावित्री पूजन को लेकर महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। वट वृक्ष में धागा बांधकर परिक्रमा कर महिलाओं ने अपने पति की रक्षा की कामना की।

खबरें और भी हैं...