उपायुक्त राजीव कुमार विकास योजनाआें को गति देने एवं योजनाआें को धरातल पर उतारने में आ रही समस्या के निजात को लेकर सोमवार को चंदवा प्रखंड के कामता गांव पहुंचे। कामता पहुंच उपायुक्त ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि गांव आपका है, विकास भी आपको ही करना होगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार आपके क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। आप सभी योजनाआें का लाभ लेकर गांव के तस्वीर को बदलने का कार्य करें। अगर इसमें किसी प्रकार की समस्या आ रही है तो सीधे मुझसे संपर्क करें।
बैठक में ग्रामीणों के द्वारा बिजली, पानी, सिंचाई समेत अन्य समस्याआें से उपायुक्त को अवगत कराया गया, जिसपर उपायुक्त ने समस्या समाधान को लेकर ग्रामीणों को भरोसा दिलाया। मौके पर डीआरडीए निदेशक संजय भगत, जिला योजना पदाधिकारी निर्मल झा, बीडीआे देवदत्त पाठक, सीआे मुमताज अंसारी, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल अमित नाथ शाहदेव, आशीष पांडेय, मुखिया समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।
चंदवा के कामता में ग्रामीणों की समस्या सुनते डीसी राजीव कुमार।
ऑन स्पॉट दी योजनाआें की स्वीकृति
बैठक कर उपायुक्त ने ऑन स्पॉट योजनाआें की स्वीकृति प्रदान की। इस दौरान उपायुक्त ने हिसरी गांव के बांध निर्माण के जीर्णोद्धार को लेकर स्वीकृति प्रदान की। उपायुक्त द्वारा अन्य कई योजनाआें को भी शुरू कराने का आदेश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि गांव के विकास के लिए महिलाआें में जागरूकता जरूरी है। जिस गांव की महिलाएं जागरूक हो जाएगी, उस जिला एवं राज्य का विकास कोई नहीं रोक सकता है।
भूसाढ़ गांव के डीलर को हटाने का निर्देश
उपायुक्त ने राशन देने में अनियमितता बरतनेवाले राशन डीलरों पर कार्रवाई का निर्देश प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दिया है। इस दौरान उन्हाेंने भूसाढ़ गांव के राशन डीलर को तत्काल हटाने का निर्देश दिया।
हर टोले में अक्टूबर तक पहुंचेगी बिजली
उपायुक्त राजीव कुमार ने कामता गांव में ग्रामीणों से कहा कि जिले में प्रत्येक गांव को पुल-पुलिया निर्माण कर जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को एेसे गांव की सूची बनाने का निर्देश दिया, जहां नदी एवं नाले पर पुल एवं पुलिया का निर्माण नहीं हुआ है। डीसी ने कहा कि जिले में अक्टूबर तक प्रत्येक टोले में बिजली पहुंच जाएगी। उपायुक्त ने गांव में एक माह के अंदर बिजली पहुंचाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बिजली बचाने को लेकर भी जागरूक किया। उपायुक्त ने ग्रामीणों को स्वावलंबी बनने का पाठ पढ़ाया। उपायुक्त ने गांव में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराकर गांव में केला, सब्जी समेत अन्य खेती करने को लेकर जागरूक किया।