किसी को सख्त चेतावनी दी, किसी की बेहतर काम पर प्रशंसा की
2 अप्रैल से मध्यप्रदेश शासन ने नए सत्र का शुभारंभ किया है। जिसके तहत क्षेत्र में विद्यालयों का विधिवत संचालन “ जॉयफुल लर्निंग “ आनंददायी वातावरण में किया जाना है।
कई शालाओं में शिक्षक रोचक गतिविधियों से छात्रों को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ शिक्षक ऐसे भी हैं जो आज भी अपने कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे शिक्षकों की मानिटरिंग की व्यवस्था शासन स्तर से की गई है। इसी क्रम में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के उपसंचालक एवं विदिशा जिले के प्रभारी अधिकारी नितिन सक्सेना व जिला शिक्षा अधिकारी एचएन नेमा लटेरी पहुंचे। अधिकारियों ने उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लटेरी, प्राथमिक शाला नेवली, माध्यमिक शाला नेवली, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय महावन, माध्यमिक शाला ताजपुरा, हाई स्कूल ताजपुरा आदि का अवलोकन कर यहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। जहां उन्होंने उत्कृष्ट विद्यालय लटेरी, हाई स्कूल ताजपुरा, माध्यमिक शाला ताजपुरा, प्राथमिक शाला नेवली व्यवस्थाओं के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की वहीं दूसरी ओर माध्यमिक शाला महावन , माध्यमिक शाला नेवली व कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लटेरी की व्यवस्थाओं के प्रति असंतोष व्यक्त किया।माध्यमिक शाला नेवली में निरीक्षण के समय मात्र 8 छात्र ही उपस्थित पाए गए।
जाॅयफुल लर्निंग संबंधी गतिविधियों व विद्यालय संचालन ठीक नहीं पाया गया। साथ ही विद्यालय की दर्ज संख्या प्रधानाध्यापक के पद के अनुरूप नहीं होने पर प्रधानाध्यापक गजराज सिंह मीना को अन्यत्र स्कूल में भेजने की बात जिला शिक्षाधिकारी एचएन नेमा से कही।