मृतक किसान मूलचंद मैना के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे लक्ष्मण िसंह
लटेरी| पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने लटेरी पहुंचकर मृतक किसान मूलचंद मैना के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से कहा कि कांग्रेस पार्टी और वे उनके हर सुख-दुख में साथ हैं। इससे पहले पूर्व सांसद ने लटेरी कृषि उपज मंडी पहुंचकर चना और मसूर की खरीदी के हालात का जायजा लिया। मंडी में लगे सरकारी कांटों पर तुलाई बंद देखकर वह खुद ही अनाज की बोरी भरने लगे। इसके बाद मौके पर खरीदी से जुड़े अमले को बुलाकर तुलाई शुरू करवाई। उन्होंने अमले को समझाइश दी कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने उनकी परेशानी सुनी।
पूर्व सांसद ने इस दौरान एसडीएम अशोक मांझी से भी चर्चा की। मीडिया द्वारा किए गए सवाल पर पूर्व सांसद सिंह बोले कि इस क्षेत्र से मैं सांसद रहा हूं। यहां की जनता से बहुत प्यार मिला है। इस दौरान डॉ. मेहताब सिंह यादव, मनीश रघुवंशी, जंदेल सिंह जादौन, बल्देव प्रसाद शर्मा, लेखराज सिंह, यदुवीर सिंह बघेल,आदि मौजूद रहे।