लटेरी| भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रत्येक मतदान केंद्र पर 20 युवाओं की टोली के साथ काम करेगी। इनके गठन की जिम्मेदारी मंडल के पदाधिकारियों पर होगी। शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल लटेरी के पदाधिकारियों की बैठक में यह बात युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बलवीर रघुवंशी ने कही। श्री रघुवंशी ने कहा कि 5 बूथ पर एक प्रभारी के माध्यम से इन 20 यूथ का चयन किया जाएगा। अभी प्रत्येक मतदान केंद्र पर 2 युवाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 7 दिनों में 116 मतदान केंद्रों के लिए 232 युवा तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। आगामी दिनों में बूथ स्तर के इन युवाओं का सम्मेलन मंडल स्तर पर करने की तैयारी युवा मोर्चा ने की है। मण्डल अध्यक्ष को पंचायत स्तर पर स्पेशल 11 की बैठक करने को कहा गया है। बैठक शुरू होने से पूर्व जिला अध्यक्ष का युवा मोर्चा ने गर्म जोशी के साथ स्वागत किया। जिला अध्यक्ष बनने के बाद रघुवंशी का लटेरी में प्रथम प्रवास था। बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष भारत सिंह राजपूत, किसान मोर्चा के अध्यक्ष प्राणसिंह रघुवंशी, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विनोद बघेल सहित युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारी एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित थे।