प्रवासी महासंघ का अपना वोट अपनी ताकत कार्यक्रम हुआ
लक्ष्मणगढ़ . प्रवासी संघ बैंगलुरु मेंं केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए।
भास्कर न्यूज |लक्ष्मणगढ़
कर्नाटक में बसे शेखावाटी के विभिन्न कस्बों के लोगों की संस्था दक्षिण भारत प्रवासी संघ एवं शेखावाटी नागरिक परिषद की ओर से रविवार को सामुदायिक जागरूकता के लिए अपना वोट अपनी ताकत कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रवासी संघ के कमलेश डीडवानिया एवं शेखावाटी नागरिक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकुमार लखोटिया ने बताया कि बैंगलुरू के प्रिंसेज श्राईन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शेखावाटी के प्रवासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्दीय रेलमंत्री पीयूष गोयल तथा केन्द्रीय संसदीय कार्य, खाद एवं उर्वरक मंत्री अनंत कुमार के अलावा एमएमडीसी के चेयरमैन राजेश मंगल व कर्नाटक विधान परिषद सदस्य लहरसिंह सिरोया बतौर अतिथि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि व्यावसायिक व औद्योगिक विकास के साथ साथ प्रवासी बंधु अपनी कर्मभूमि में लोकतंत्र की मजबूती के लिए भी सक्रिय सहभागी बनें और मतदान प्रक्रिया में भी हिस्सा लें। प्रवासियों की ओर से रविवार को अपना वोट, अपनी ताकत अभियान का श्रीगणेश भी किया। श्रीकुमार लखोटिया ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रवासी बंधुओं को अपनी वोट के ताकत की अहमियत एवं मतदान को दायित्व समझने के लिए प्रेरित किया जाएगा। समारोह में श्रीकांत पाराशर, कमलेश डीडवानिया, रेवंतमल झंवर, कमल तातेड़, देवेन्द्र शर्मा आदि ने भी संबोधित किया।